नई दिल्ली : उत्तराखंड में बुधवार रात में एक बार फिर कुदरत का कहर टूटा पड़ा. चमोली जिले के नंदानगर घाट क्षेत्र में बादल फटने से हालात बिगड़ गए. तेज बारिश और मलबे के चलते कई घर तबाह हो गए. प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार अब तक दर्जनभर मकान प्रभावित हुए हैं. वहीं, कम से कम 10 लोग लापता हैं. राहत की बात यह है कि दो लोगों को प्रशासन की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया है.
जिलाधिकारी डॉ. संदीप तिवारी ने बताया कि नंदानगर के कुंत्री लांगाफली वार्ड में बादल फटने के बाद छह मकान मलबे में दब गए. वहीं, धुरमा गांव में पांच भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं. हालांकि यहां जनहानि की कोई खबर नहीं है. घाट तहसील क्षेत्र में आठ लोग कुंत्री लांगाफली से व दो लोग धुरमा से लापता बताए जा रहे हैं. घटनास्थल पर बचाव कार्य तेजी के साथ जारी है.
भारी बारिश के चलते नदी-नालों में अचानक पानी का बहाव काफी तेज हो गया, जिससे कई संपर्क मार्ग बह गए. अचानक से आई नदियों के उफान ने सैकड़ों परिवारों को खतरे में डाल दिया है. देहरादून के रायवाला इलाके में भी 200 से ज्यादा परिवार पानी से घिर गए, जिन्हें निकालने के लिए एसडीआरएफ (SDRF) लगातार प्रयास कर रही है. मसूरी जाने वाले मार्ग पर फिलहाल रोक लगा दी गई है, जहां कोठालगेट से आगे जाने की किसी को भी अनुमति नहीं दी जा रही है.