पटना: बिहार की राजधानी में मुसल्लहपुर हाट क्षेत्र में ज्ञान बिंदु कोचिंग के सैकड़ों छात्रों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. छात्र खान सर के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. साथ ही उन्होंने ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की तुरंत रिहाई की भी मांग की है.
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हालिया फायरिंग वाली घटना में खान सर की भूमिका रही है, इसलिए उनसे सख्त पूछताछ होनी चाहिए. छात्र रौशन आनंद को निर्दोष बताते हुए कह रहे हैं कि उन्हें फंसाया जा रहा है और फौरन जेल से रिहा किया जाए. पूरे मामले को लेकर छात्रों में काफी गुस्सा दिख रहा है.
पुलिस जांच में नया खुलासा
खान सर की कोचिंग संस्थान पर हुई पथराव और तोड़फोड़ की घटना की जांच के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण वीडियो मिला है. वीडियो में घटना के बाद दो लोग हवा में फायरिंग करते दिख रहे हैं. वीडियो की पुष्टि के बाद कदमकुआं थाने में नया मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने खान ग्लोबल स्टडीज (KGS) से जुड़े दो बॉडीगार्ड को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ चल रही है. घटना में इस्तेमाल होने वाले संदिग्ध हथियार भी जब्त कर लिए गए हैं, जिन्हें फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) भेजा जा रहा है. बता दें कि 2 जून की रात करीब 10:10 बजे खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था, जिसमें तोड़फोड़ और पथराव की घटना हुई थी.
डीएसपी का बयान
इस मामले पर डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि रात करीब 10 बजे कुछ लोग मुसल्लहपुर हाट के पास खान ग्लोबल कोचिंग पहुंचे. उन्होंने संस्थान पर पत्थरबाजी की, गेट का होर्डिंग तोड़ दिया और वहां मौजूद गार्ड के साथ मारपीट कर दी. गार्ड के सिर पर चोट आई, जिसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया.
खान कोचिंग प्रबंधन की शिकायत पर चार नामजद और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. पुलिस ने आगे की कार्रवाई में ज्ञान बिंदु कोचिंग निदेशक रौशन आनंद समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की है. पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.