Baripada PRM Medical College and Hospital: ओडिशा के बारिपदा स्थित पीआरएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्था की बेहद दर्दनाक लापरवाही सामने आई है. यहां एक बुजुर्ग महिला को स्ट्रेचर और व्हीलचेयर नहीं दिए जाने के कारण उसके बेटे को अपनी मां को कंधे पर उठाकर स्कैन सेंटर तक ले जाना पड़ा. इस घटना ने अस्पताल की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मयूरभंज जिले के शालाबनी गांव की रहने वाली 75 वर्षीय दामिमानी पात्रा बुखार के इलाज के लिए अस्पताल के मेडिसिन वार्ड में भर्ती थीं. जब उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ तो डॉक्टरों ने चेस्ट स्कैन कराने की सलाह दी.
परिजनों ने बार-बार अस्पताल स्टाफ से स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मांग की, लेकिन हर बार अनुरोध नजरअंदाज कर दिया गया. मजबूरी में परिवार उन्हें पैदल ले जाने लगा, लेकिन रास्ते में बुजुर्ग महिला की हालत बिगड़ गई और वे चलने लायक नहीं रह गईं. आखिरकार बेटे ने अपनी मां को कंधे पर उठाकर स्कैन सेंटर तक पहुंचाया. इस दौरान अस्पताल में मौजूद स्टाफ की उदासीनता देखकर लोग हैरान रह गए.
लोगों में गुस्सा
घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई है. लोग अस्पताल प्रशासन से जवाबदेही तय करने और दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. यह मामला सरकारी अस्पतालों में बुनियादी सुविधाओं की कमी और मरीजों के प्रति उदासीन रवैये को लेकर एक बार फिर सवाल उठाता है.