खान सर से कोचिंग में पूछताछ कर रही है पटना पुलिस, गिरफ्तार बॉडीगार्ड को जेल भेजने की तैयारी!

Amanat Ansari 04 Jun 2026 07:35: PM 1 Mins
खान सर से कोचिंग में पूछताछ कर रही है पटना पुलिस, गिरफ्तार बॉडीगार्ड को जेल भेजने की तैयारी!

पटना: खान सर की कोचिंग से जुड़े विवाद में नया विकास हुआ है. पुलिस अब खान सर से खुद उनकी कोचिंग संस्थान में लगातार सवाल-जवाब कर रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए फायरिंग वाले वीडियो के बाद पुलिस सक्रिय हुई और खान सर के दो सुरक्षा गार्ड को हिरासत में लेकर थाने ले गई है.

थाने में स्पेशल ट्रीटमेंट फिर सामान्य कमरा

कदमकुआं थाने में दोनों बॉडीगार्डों को शुरुआत में एसी वाले कमरे में बिठाया गया था. लेकिन जब मीडिया पहुंचा और सवाल उठने लगे, तब पुलिस ने उन्हें सामान्य कमरे में शिफ्ट कर दिया. इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं.

वायरल वीडियो में हवाई फायरिंग

वायरल वीडियो में दो व्यक्ति हवा में गोली चलाते दिख रहे हैं. दावा है कि इनमें एक खान सर का ही बॉडीगार्ड है. वीडियो में तीन राउंड फायरिंग हुई नजर आ रही है. साथ ही उसमें 2 जून की रात टूटे बोर्ड की तस्वीर भी साफ दिख रही है, जिससे लगता है कि वीडियो उसी रात का है.

पुलिस का रुख बदला

2 जून की रात खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था, जिसमें एक गार्ड घायल भी हुआ और तोड़फोड़ की गई. शुरुआत में पुलिस ने फायरिंग की बात से इनकार किया था. लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद अब जांच तेज कर दी गई है.

हथियार जब्त, फॉरेंसिक जांच में

पुलिस ने फायरिंग में इस्तेमाल बताए जा रहे दोनों हथियार जब्त कर लिए हैं. अब उनके लाइसेंस की जांच और फॉरेंसिक परीक्षण कराया जा रहा है ताकि यह साफ हो सके कि वाकई फायरिंग हुई थी या नहीं.

कोचिंग राइवलरी का एंगल भी जांच में

इस मामले में ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद को पहले ही गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है. वह बेऊर जेल में हैं. रौशन आनंद ने सभी आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि उनकी कोचिंग के अच्छे रिजल्ट से कुछ लोग नाराज हैं, इसलिए उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है. उन्होंने अपनी बीमारी और हाल के ऑपरेशन का भी जिक्र किया. पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं पर काम जारी है.

Khan Sir Khan Sir youtube Channel khan sir attacked nta Khan Sir Bodyguard Firing

Recent News