प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में एक सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है. यमुनानगर जोन के मेजा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुकुरकटवा गांव में सोमवार देर रात एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की क्रूर हत्या कर दी गई. मृतक घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे. मृतकों की पहचान, अमरावती देवी (65 वर्ष), इंद्रावती देवी (62 वर्ष), श्याम लाल (65 वर्ष) के रूप में हुई है. तीनों एक ही परिवार के सदस्य थे.
पुलिस के अनुसार, हत्याकांड रात करीब 1:30 बजे हुआ. शव घर से महज 20 मीटर की दूरी पर मिले. प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि पीड़ितों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उन्हें दौड़ाकर बेरहमी से मार डाला.
पुरानी रंजिश का शक
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गांव के ही एक 22 वर्षीय युवक ने एक सप्ताह पहले पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी. आरोप है कि युवक ने परिवार की एक लड़की को प्रेम जाल में फंसाने की कोशिश की थी और बार-बार धमकियां दे रहा था. परिजनों ने पहले ही इस युवक के खिलाफ मेजा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
डीसीपी विवेक चंद्र यादव ने कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर संदिग्ध का नाम सामने आ गया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं और छापेमारी जारी है. पुलिस सभी एंगलों (रंजिश, प्रेम प्रसंग आदि) से जांच कर रही है.
मृतकों के परिजनों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है. उन्होंने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर एक्शन और एनकाउंटर की भी मांग की है. पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने ग्रामीण इलाके में भय का माहौल बना दिया है.