नोएडा की झुग्गी बस्ती में आग लगने से तीन नाबालिग लड़कियों की मौत, दो घायल

Global Bharat 31 Jul 2024 12:42: PM 1 Mins
नोएडा की झुग्गी बस्ती में आग लगने से तीन नाबालिग लड़कियों की मौत, दो घायल

उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 8 से आग लगने की बड़ी घटना सामने आई है. स्थानीय पुलिस ने बताया कि बुधवार सुबह करीब 3:00 बजे एक झुग्गी बस्ती में लगी आग में 3 नाबालिग लड़कियों की गंभीर रूप से जलने से मौत हो गई. इस घटना में उनके पिता और मां भी झुलस गए. सूचना मिलने पर, अग्निशमन विभाग की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की. अधिकारियों ने आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट-सर्किट बताया है.

जिला मजिस्ट्रेट मनीष वर्मा ने पुष्टि की है कि आग सुबह 3.00 से 4.00 बजे के बीच लगी. उन्होंने कहा कि हमें तुरंत सूचना दी गई और पुलिस और दमकल विभाग दोनों ने कार्रवाई की. फोरेंसिक टीम मौके पर जांच कर रही है. डीएम वर्मा ने बताया कि आग लगने के समय झुग्गी में 3 लड़कियां समेत 5 लोग मौजूद थे.

लड़कियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया. जानकारी मिली है कि आग लगने की वजह से बिस्तर पर सो रही तीन लड़कियां गंभीर रूप से जल गईं और अस्पताल में उनकी मौत हो गई. उनके पिता 60 से 70 प्रतिशत तक जल गए, जिन्हें सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया है. उनकी मां भी झुलसी हुई है. लेकिन बताया जा रहा है कि वे खतरे से बाहर हैं. डीएम वर्मा ने बताया कि पीड़ित मैनपुरी के रहने वाले थे और उनके पिता ई-रिक्शा चालक थे. हम घटना की आगे जांच कर रहे हैं और सरकार परिवार को मुआवजा और सहायता प्रदान करेगी.

Recent News