वाराणसी: पवित्र काशी में बाबा विश्वनाथ के मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के बीच एक चौंकाने वाला हादसा हो गया. शनिवार सुबह मंदिर के गेट नंबर 4B पर तैनात PAC (पीएसी) के एक सिपाही की सरकारी राइफल से दुर्घटनावश गोली चल गई. गोली चलने से निकले छर्रों की चपेट में आने से तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए.
गोली सीधे किसी को नहीं लगी, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई. घायल मुख्य रूप से फूल-माला बेचने वाले व्यक्ति बताए जा रहे हैं. घटना के तुरंत बाद अन्य सुरक्षा कर्मियों और पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया. घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेज दिया गया. प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है.
हादसे की जांच शुरू कर दी गई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बंदूक संभालते समय सिपाही के हाथ से फिसलने या किसी तकनीकी कारण से गोली छूट गई. गनीमत रही कि इस हाई-सिक्योरिटी जोन में कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं. पुलिस मामले में आगे की जांच करने में जुटी हुई है.