पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, 45 दिन तक लाश के ऊपर नहाती रही! कबूलनामे से पुलिस के उड़े होश

Amanat Ansari 04 Jul 2026 08:30: PM 1 Mins
पत्नी ने पति की हत्या कर बाथरूम में दफनाया, 45 दिन तक लाश के ऊपर नहाती रही! कबूलनामे से पुलिस के उड़े होश

आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक ऐसा खौफनाक मामला सामने आया है जो फिल्म ‘दृश्यम’ को भी पीछे छोड़ देता है. सिकंदरा इलाके की रहने वाली रूबी ने अपने पति सुरेंद्र शर्मा की बेरहमी से हत्या कर दी और उसकी लाश को घर के बाथरूम के फर्श के नीचे दफना दिया. पूरे 45 दिन तक परिवार और पुलिस लाश की तलाश में भटकती रही, जबकि लाश घर के अंदर ही पड़ी थी. सुरेंद्र शर्मा बेरोजगार था और शराब की लत के कारण रोज घर में मारपीट करता था.

रूबी सालों से इस घरेलू हिंसा को बर्दाश्त कर रही थी. 26 मई की रात सुरेंद्र नशे में घर आया और रूबी को बुरी तरह पीटा. इस बार रूबी का सब्र टूट गया. उसने मौके का फायदा उठाकर पति की हत्या कर दी. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि हत्या के बाद लाश छिपाने के लिए रूबी ने बाथरूम का फर्श तोड़ा, गहरा गड्ढा खोदा और शव को वहीं दफन कर दिया. फिर फर्श को दोबारा पक्का कर दिया.

45 दिन तक चला धोखा

सुरेंद्र के गायब होने पर उसके भाई अनिल शर्मा ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. पुलिस कई बार घर आई, पूछताछ की, लेकिन रूबी का अभिनय इतना परफेक्ट था कि किसी को शक नहीं हुआ. रूबी रोज उसी बाथरूम में नहाती-धोती रही, जहां उसकी लाश दफन थी.

कबूलनामा और खुलासा

गुरुवार को पुलिस पूछताछ के लिए घर आई थी. रात में रूबी का मन पसीज गया और उसने अपनी सास के सामने सारा सच उगल दिया. सास ने भाई अनिल को बताया, फिर आधी रात पुलिस पहुंची और रूबी को गिरफ्तार कर लिया. रूबी की निशानदेही पर 3 जुलाई को बाथरूम खोदा गया. फर्श हटाते ही सुरेंद्र का नरकंकाल बरामद हुआ. पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या रूबी ने यह सब अकेले किया या कोई और शामिल था. यह मामला घरेलू हिंसा, सब्र के टूटने और क्रूर अपराध की मिसाल बन गया है. पुलिस रूबी से रिमांड पर कड़ी पूछताछ कर रही है.

Agra Murder Agra News Agra Drishyam Agra Police

Recent News