जहानाबाद: बिहार के जहानाबाद जिले में अवैध बालू खनन और ट्रांसफार्मर चोरी के पुराने विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. घोसी और हुलासगंज थाना क्षेत्र के दो गांवों के बीच शनिवार को भयंकर झड़प हो गई, जिसमें दोनों पक्षों ने जमकर फायरिंग की. गोलीबारी में 6 लोग घायल हो गए, जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है.
हुलासगंज थाना क्षेत्र के गिंजी गांव के एक किसान के खेत से समरसेबल मोटर और ट्रांसफार्मर चोरी हो गया था. शनिवार को इसी चोरी की पूछताछ को लेकर गिंजी और घोसी थाना क्षेत्र के चैतीपीपर गांव के लोगों के बीच बहस शुरू हुई. बहस तेजी से बढ़ी और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. देखते ही देखते विवाद हथियारबंद झड़प में बदल गया. दोनों ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई.
घायल लोगों की पहचान चैतीपीपर के दिनेश राम, अजय राम, सुधीर राम, रामपुर के धीरज कुमार, गिंजी के विष्णु और एक अन्य व्यक्ति के रूप में हुई है. सभी घायलों को पहले सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
पुराना बालू विवाद मुख्य वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों गांवों के बीच अवैध बालू खनन को लेकर लंबे समय से तनाव चल रहा था. ट्रांसफार्मर चोरी की घटना ने इस पुराने विवाद को भड़का दिया और हिंसा का रूप ले लिया. घटना की सूचना मिलते ही घोसी और हुलासगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने तुरंत हालात को नियंत्रित किया और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है.
दोनों गांवों में तनाव बरकरार है, इसलिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी होने की उम्मीद है. यह घटना एक बार फिर अवैध बालू माफिया और गांवों के बीच छोटी-छोटी बातों पर हिंसा की समस्या को उजागर करती है. प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रण में रखने का दावा किया है.