Kalyan Banerjee Attack : पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में राजनीतिक तनाव उस समय बढ़ गया, जब तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसद कल्याण बनर्जी पर कथित हमले की खबर सामने आई. जानकारी के अनुसार, कल्याण बनर्जी चुनाव बाद हुई हिंसा के मामलों को लेकर चंदीतला पुलिस स्टेशन में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन सौंपने जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में कुछ प्रदर्शनकारियों ने उनका विरोध शुरू कर दिया.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने काले झंडे दिखाकर अपना विरोध दर्ज कराया और कल्याण बनर्जी के खिलाफ नारेबाजी की. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया. आरोप है कि विरोध के दौरान कुछ लोगों ने सांसद को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की तथा मारपीट की. घटना के बाद वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया और किसी तरह सांसद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.
इस घटना के बाद टीएमसी ने विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया है. वहीं विपक्षी पक्ष की ओर से भी अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं. सोशल मीडिया पर घटना से जुड़े कुछ वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी देखी जा सकती है.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े वीडियो फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है. इस घटना ने राज्य में चुनाव बाद जारी राजनीतिक तनाव को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है.