नई दिल्ली: गोरखपुर के झंगहा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी टीम सड़क पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान बिहार नंबर (BR29PA9208) वाली एक संदिग्ध स्कॉर्पियो दिखाई दी. पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने तेज रफ्तार में गाड़ी भगा दी. इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें: रितु तावड़े बनीं बीजेपी की मुंबई महापौर उम्मीदवार, शिवसेना ने इन्हें बताया डिप्टी...
स्कॉर्पियो गोरखपुर-देवरिया मार्ग पर भाग रही थी. देवरिया जिले के गौरी बाजार थाना क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास यह वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से जबरदस्त टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वह सड़क किनारे पलट गई.
यह भी पढ़ें: आधी रात को पूर्णिया सांसद पप्पू यादव को पुलिस ने उठाया, 31 साल पुराने विवाद में एक्शन
इस हादसे में स्कॉर्पियो में सवार एक पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. दुर्घटना की सूचना मिलते ही गौरी बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत देवरिया मेडिकल कॉलेज भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने पुरुष और महिला को मृत घोषित कर दिया. गंभीर घायल को आगे इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया.
यह भी पढ़ें: सिर्फ 20 साल की उम्र में साइलेंट अटैक का हुआ शिकार, बुझ गया इकलौता चिराग
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और उनकी शिनाख्त की कोशिश जारी है. देवरिया के एएसपी नॉर्थ आनंद पांडेय ने बताया कि स्कॉर्पियो के पलटने से दो लोगों की मौत हुई है और एक घायल है, उनकी पहचान की जा रही है. वहीं गोरखपुर के एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र ने कहा कि तस्करों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की थी.