केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू (Union Minister Kiren Rijiju) ने एक बार फिर राहुल गांधी (Rahul Gandhi) पर निशाना साधा है. साथ ही हरियाणा विधानसभा चुनाव (Haryana Assembly Elections) पर अपनी राय रखी. रिजिजू (Rijiju) ने कहा कि पिछले 10 सालों में हरियाणा में अच्छा काम हुआ है और कांग्रेस (Congress) जो कहती है उसे कोई गंभीरता से नहीं लेता. 70 सालों तक कांग्रेस ने झूठे वादे किए हैं. वे यहां-वहां कुछ चुनाव जीत सकते हैं, लेकिन सत्ता में नहीं आ सकते. किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने कहा कि राहुल गांधी के शब्द इतने आपत्तिजनक हैं कि इससे हमें दुख होता है, वे हमारी आलोचना कर सकते हैं, लेकिन उन्हें ऐसी बातें नहीं कहनी चाहिए जिससे देश को नुकसान हो.
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Leader of the Opposition Rahul Gandhi) की राजनीतिक परिपक्वता पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल जब विपक्ष के नेता बने तो मैं सोचा कि सुधर जाएंगे. उनके अंदर मैच्योरिटी आएगी, लेकिन मैच्योरिटी आने की जगह राहुल गांधी तो और ज्यादा बिगड़ गए हैं. रिजिजू ने कहा कि देश में पहली बार ऐसा हुआ कि लोकसभा और राज्यसभा में प्रधानमंत्री को बोलने नहीं दिया गया.
पीएम मोदी (PM MODI) के भाषण के समय में वे वेल में आकर के उछल-उछल कर हंगामा करने लगे. राहुल गांधी को नसीहत देते हुए रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में इस तरह का व्यवहार शोभा नहीं देता है, जबकि भारत के इतिहास में पीएम के बोलने के समय व्यवधान पैदा करने की परंपरा नहीं रही है, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने वह सबकुछ करके दिखाया.
उन्होंने आगे कहा कि नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद राहुल गांधी को सुधर जाना चाहिए था, लेकिन सुधरना छोड़िए और ज्यादा बिगड़ गए हैं और देश विरोधी ताकतों के साथ खुलेआम घूम रहे हैं. अमेरिका में घूम-घूमकर भारत को गाली देते हैं. देश विरोधी ताकतों के साथ बैठकर चाय पी रहे हैं. केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी देश विरोधी ताकतों के साथ मिलकर भारत को बदनाम करने का काम कर रहे हैं. यह हमारे लिए बेहद अफसोस की बात है कि हमारे देश में ऐसे भी नेता हैं, जो देश को नीचा दिखाने पर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं.