लखनऊ : उत्तर प्रदेश में बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए UP-ATS ने पाकिस्तान से जुड़े नेटवर्क पर बड़ा एक्शन लिया है. ATS ने पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से कथित तौर पर जुड़े चार लोगों महकाब, गगनदीप उर्फ गुरी सिंह, शाहरुख और मुशर्रफ को गिरफ्तार किया है. जांच एजेंसियों का दावा है कि ये सभी आरोपी लंबे समय से संदिग्ध गतिविधियों में शामिल थे और पाकिस्तान से निर्देश प्राप्त कर रहे थे.
ATS के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को दूसरे राज्यों में स्थित राजनीतिक दलों के दफ्तरों, निजी अस्पतालों और स्कूल संचालकों की रेकी करने का काम सौंपा गया था. एजेंसियों का मानना है कि इन संवेदनशील स्थानों की जानकारी जुटाकर किसी बड़ी वारदात की साजिश रची जा रही थी. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के संपर्क सीधे पाकिस्तान में बैठे गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से थे.
सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों से कई संदिग्ध चैट, विदेशी नंबरों से संपर्क और लोकेशन डिटेल मिली हैं. ATS अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इनके तार किसी आतंकी संगठन से जुड़े हैं या नहीं.
गिरफ्तार आरोपियों से लगातार पूछताछ की जा रही है. सुरक्षा एजेंसियों ने कई शहरों में अलर्ट जारी कर दिया है और संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी शुरू कर दी गई है. ATS अधिकारियों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होने से एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया गया. इस खुलासे के बाद यूपी समेत कई राज्यों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं.