ये खबर उन किसानों के लिए है जो धान की सरकारी खरीद की तारीख का इंतेजार कर रहे हैं. सरकार ने धान की खरीद के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है. इसके लिए किसान खाद्य विभाग के पोर्टल fcs.up.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. यूपी सरकार ने Kharif Season 2024-25 के लिए धान की सरकारी खरीदारी के लिए रजिस्ट्रेशन भी शुरू कर दिए हैं. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद सरकार की तरफ से धान बेचने वाले किसानों का पैसा उनके अकाउंट में भेजा जाएगा, लेकिन अगर आपने अपने बैंक अकाउंट को आधार कार्ड से लिंक नहीं किया है तो सबसे पहले आपको अपने खाते से आधार कार्ड को लिंक कराना होगा, तभी आपके अकाउंट में पैसा आएगा.
इस बार केंद्र सरकार ने धान कॉमन का एमएसपी 2300 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड ए की धान का एमएसपी 2320 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है. धान का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के लिए कई ऑप्शनस् भी दिए गए हैं. इसके लिए आप अपने घर के आस-पास किसी भी जन सुविधा केंद्र या गांव के साइबर कैफे पर जाकर जरूरी दस्तावेजों के जरिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं. इतना ही नहीं आप खुद भी अपने मोबाइल फोन के जरिए भी रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं... और अगर आप पहले भी MSP पर धान बेच चुके हैं तो आपको इसका नवीनीकरण कराना होगा.
कैसे होगी धान की खरीद?
यूपी सरकार ने धान खरीदी के लिए प्रदेश को दो जोन में बांटा है. दोनों जोन में अलग-अलग समय सीमा पर धान खरीदते हैं. इसके लिए पश्चिमी यूपी जोन में एक अक्टूबर से अगले साल 31 जनवरी तक धान की खरीद की जाएगी. इस जोन में लखनऊ मंडल के सीतापुर, लखीमपुर और हरदोई जिले के अलावा सहारनपुर, बरेली, मेरठ, आगरा, मुरादाबाद, अलीगढ़ और झांसी मंडल के सभी जिलों के किसान अपना धान बेच सकेंगे.
दूसरा पूर्वी जोन है..इस जोन में 1 नवंबर से अगले साल 28 फरवरी तक धान की खरीद की जाएगी. इस जोन में लखनऊ मंडल के उन्नाव, रायबरेली और लखनऊ के अलावा अयोध्या, कानपुर, चित्रकूट, बस्ती, गोरखपुर, देवीपाटन, वाराणसी, मिर्जापुर, आजमगढ़ और प्रयागराज मंडल शामिल हैं.
कैसे मिलेगी बिक्री और पेमेंट की जानकारी
अगर आपको पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन कराने में दिक्कत आ रही है तो आप किसानों के लिए सरकार की तरफ से जारी एप का भी इस्तेमाल कर सकते हैं. यूपी किसान मित्र एप के जरिए आप रजिस्ट्रेशन या नवीनीकरण करा सकते हैं और सरकार को बेची गई फसल का विवरण जानने के लिए आपको यूपी किसान ऐप डाउनलोड करना होगा. आपको ये ऐप गूगल प्लेस्टोर से मिल जाएगा. किसान खाद्य विभाग के पोर्टल से आपको QR कोड भी मिल जाएगा आप QR कोड को स्कैंन करके भी ऐप को डाउनलोड कर सकते हैं. इसी एप के जरिए बिक्री और पेमेंट की जानकारी ले सकते हैं.
बता दें कि दोनों जोन में 2 चरणों में ही फसल की खरीद-फरोख्त होती है. दोनों चरण सुबह 9 बजे से 5 बजे तक ही निर्धारित होते हैं और इसी बीच फसलों बिक्री होती है. बता दें कि सरकार ने किसानों के हित को देखते हुए ये कदम उठाया है, ताकी किसानों को उनकी उपज की सही कीमत समय पर मिल जाए. इसके लिए जरूरी है कि आप पोर्टल पर या ऐप पर सही जानकारी ही भरें ताकी आपको सरकारी दफ्तरों के चक्कर ना लगाने पड़े.