तवे से पीटकर गर्लफ्रेंड को उतारा मौत के घाट, लाश बैग में भरी, सिर मुंडवा कर संगम में लगाई डुबकी, पुलिस ने ऐसे धरा...

Amanat Ansari 03 Mar 2025 12:22: PM 2 Mins
तवे से पीटकर गर्लफ्रेंड को उतारा मौत के घाट, लाश बैग में भरी, सिर मुंडवा कर संगम में लगाई डुबकी, पुलिस ने ऐसे धरा...

नई दिल्ली: एक शख्स ने प्रेमिका की हत्या कर शव को ट्रॉली बैग में भरकर झाड़ियों में फेंक दिया. इसी बीच वह केरल भागने की फिराक में था कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. जौनपुर में 25 फरवरी को अपनी प्रेमिका की हत्या कर शव को ट्रॉली बैग में भरकर झाड़ियों में फेंकने के आरोपी 22 वर्षीय युवक को शनिवार को उत्तर प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया. जौनपुर के एएसपी (शहर) अरविंद कुमार वर्मा ने बताया कि आरोपी विशाल साहनी को इंस्पेक्टर कोतवाली मिथिलेश मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम ने जौनपुर जंक्शन से उस समय गिरफ्तार किया, जब वह केरल जाने के लिए ट्रेन में सवार होने वाला था.

उन्होंने बताया कि हमने वह बर्तन भी बरामद कर लिया है, जिसका इस्तेमाल पीड़िता अनन्या पर हमला करने के लिए किया गया था. शुरुआती जांच में पता चला कि अनन्या और विशाल वाराणसी के रोहनिया थाने के मुड़ादेव टेहरी गांव के रहने वाले थे. वे 2019 से रिलेशनशिप में थे. हालांकि, अनन्या के परिवार ने उसे मजबूर कर दूसरे युवक से शादी करा दी. पुलिस ने बताया कि शादी ज्यादा दिन नहीं चली और वह अपने पति का घर छोड़कर अपने मायके चली गई.

इस दौरान विशाल के साथ उसका रिश्ता जारी रहा. उसने जौनपुर के एक मॉल में नौकरी भी कर ली और मछलीशहर इलाके में किराए के मकान में रहने लगी. 24 फरवरी को विशाल मछलीशहर में अनन्या के घर गया, जहां किसी मामूली बात पर दोनों में झगड़ा हो गया. झगड़े के दौरान ही विशाल ने उसे तवे से पीटना शुरू कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. जब उसने देखा कि अनन्या मर चुकी है, तो उसने उसके पैर और सिर को रस्सी से बांध दिया और शव को ट्रॉली बैग में भर दिया. उसने ट्रॉली बैग को ई-रिक्शा पर लादकर जौनपुर के एक प्रमुख अस्पताल के सामने झाड़ियों में फेंक दिया.

इसके बाद विशाल जौनपुर छोड़कर अपने घर वाराणसी पहुंचा, जहां उसने पहले सिर मुंडवाया और शहर छोड़ने से पहले गंगा में स्नान किया. हालांकि, इससे पहले कि वह भाग पाता, शुक्रवार को कुछ स्थानीय लोगों ने अनन्या के शव वाले ट्रॉली बैग को देख लिया और पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने पहले उसकी पहचान सुनिश्चित की और बाद में सीसीटीवी फुटेज के जरिए विशाल को आरोपी के रूप में पहचाना और उसे गिरफ्तार कर लिया. वहीं मामले का खुलासा होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.

Jaunpur murder Jaunpur girlfriend murder Jaunpur crime news Jaunpur crime

Recent News