उज्जैन (मध्य प्रदेश): सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत सड़क चौड़ीकरण परियोजना को लेकर रविवार को शाही मस्जिद के पास बड़ा बवाल हो गया. मस्जिद के एक हिस्से को गिराने की प्रक्रिया शुरू होते ही भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे. इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और आला अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल रहे हैं.
प्रशासन के अनुसार, खजूर वाली मस्जिद से जीवाजीगंज थाने तक सड़क को 32 फीट चौड़ा किया जाना है. इस परियोजना के रास्ते में शाही मस्जिद का एक हिस्सा आ रहा था. रात में पुलिस प्रशासन से हुए समझौते के बाद मुस्लिम समुदाय के लोग खुद मस्जिद का हिस्सा हटाने को तैयार हो गए थे. लेकिन बाद में उन्होंने विरोध जताया और हटाने से इनकार कर दिया.
जब मस्जिद पर हथौड़ा चलाया गया तो जमा हुई भीड़ और पुलिस के बीच झड़प हो गई. गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खुद अब्दालपुरा स्थित अपने पैतृक मकान पर हथौड़ा चलाकर सड़क चौड़ीकरण कार्य की शुरुआत की थी.
क्षेत्र के कई निवासियों (हिंदू, मुस्लिम और बोहरा समुदाय) ने भी स्वेच्छा से अपने मकानों के हिस्से हटाकर सहयोग किया है. अब्दालपुरा उज्जैन की पुरानी बस्ती है जहां कुल 272 मकान हैं. फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस स्थिति पर नजर रखे हुए है.