स्वर्ण मंदिर पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, मुख्य द्वार पर लगे ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे; पुलिस ने भीड़ हटाई

Amanat Ansari 28 Sep 2026 03:26 PM 1 Mins
स्वर्ण मंदिर पहुंचे अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर, मुख्य द्वार पर लगे ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे; पुलिस ने भीड़ हटाई

अमृतसर: भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर सोमवार को 28 सदस्यों वाले उच्चस्तरीय अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल के साथ अमृतसर पहुंचे. उन्होंने श्री हरिमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में माथा टेका. इस दौरान मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर कुछ लोगों ने ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ और ‘गॉड ब्लेस अमेरिका’ के नारे लगाए.

शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के कार्यकारी अध्यक्ष इमान सिंह मान पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और कुछ देर तक नारेबाजी की. सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को वहां से हटाकर स्थिति संभाली. अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल में कई प्रमुख सीनेटर, वरिष्ठ सरकारी अधिकारी और विदेश नीति के जानकार शामिल थे. स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने शहर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे.

ऐतिहासिक स्थलों पर उनके आवागमन को सुगम बनाने के लिए कई जगहों पर ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव भी किया गया. इससे पहले राजदूत सर्जियो गोर महाजन फील्ड फायरिंग रेंज पहुंचे थे, जहां उन्होंने भारतीय और अमेरिकी सेना का संयुक्त सैन्य अभ्यास देखा था.

25 सितंबर को हुए इस अभ्यास में पिनाका मल्टी-बैरल रॉकेट लॉन्चर, M777 अल्ट्रा-लाइट होवित्जर, धनुष आर्टिलरी सिस्टम, AH-64E अपाचे अटैक हेलीकॉप्टर समेत कई हथियार और सिस्टम शामिल थे. विदेशी नेताओं और प्रतिनिधिमंडलों का अमृतसर दौरा सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जाता है, क्योंकि यह उन क्षेत्रों से जुड़ाव दर्शाता है जहां बड़ी संख्या में प्रवासी भारतीय रहते हैं.

Recent News