इन दिनों उत्तर प्रदेश को लगातार वंदे भारत ट्रेनें मिल रही हैं. हाल ही में आगरा से बनारस के बीच एक और वंदे भारत ट्रेन की शुरुआत की गई है. यह आगरा के लिए चौथी और यूपी के लिए दसवीं वंदे भारत ट्रेन है. अब जल्द ही वाराणसी से झारखंड के देवघर के बीच भी वंदे भारत ट्रेन शुरू होने वाली है. यह वाराणसी को मिलने वाली छठी वंदे भारत और यूपी की ग्यारहवीं वंदे भारत ट्रेन होगी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ट्रेन को 15 सितंबर को हरी झंडी दिखा सकते हैं.
बनारस से देवघर जाने वाली वंदे भारत ट्रेन का टाइम टेबल जारी कर दिया गया है. यह ट्रेन वाराणसी कैंट स्टेशन से शाम 6:20 बजे रवाना होगी और रात 1:30 बजे झारखंड के देवघर पहुंचेगी. वापसी में यह ट्रेन देवघर से दोपहर 3:15 बजे चलेगी और रात 10:20 बजे वाराणसी कैंट पहुंचेगी. इस ट्रेन के संचालन से वाराणसी और देवघर के बीच की यात्रा और आसान हो जाएगी. यह दूरी करीब 475 किलोमीटर है जिसे यह ट्रेन 7 घंटे में तय करेगी. आमतौर पर इस दूरी को तय करने में अन्य ट्रेनें 9 घंटे तक का समय लेती हैं. इस तरह शिव भक्तों के लिए वाराणसी से देवघर की यात्रा वंदे भारत ट्रेन के जरिए बेहद सुविधाजनक हो जाएगी.
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी कैंट स्टेशन पर इस ट्रेन का स्वागत प्लेटफॉर्म नंबर एक पर किया जाएगा. हालांकि, इसका संचालन किस प्लेटफॉर्म से होगा, इसका फैसला बाद में लिया जाएगा. इस ट्रेन के संचालन से देवघर जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी.
वाराणसी से पहले ही कई अन्य रूट्स पर वंदे भारत ट्रेनें चलाई जा चुकी हैं, जिनमें वाराणसी-नई दिल्ली, वाराणसी-रांची, वाराणसी-आगरा, गोमतीनगर-वाराणसी-पटना और अब वाराणसी-देवघर ट्रेन शामिल हैं. उत्तर प्रदेश को अब तक कुल 11 वंदे भारत ट्रेनें मिल चुकी हैं. इसमें मेरठ-लखनऊ, लखनऊ-देहरादून, गोरखपुर-लखनऊ-प्रयागराज और आनंद विहार-अयोध्या धाम जैसी ट्रेनें भी शामिल हैं.
इसके अलावा, आगरा और वाराणसी के बीच नई वंदे भारत ट्रेन की भी घोषणा की गई है. यह ट्रेन प्रयागराज के रास्ते चलेगी और तुंडला, इटावा, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन पर रुकेगी. यह 573 किलोमीटर की दूरी 7 घंटे में तय करेगी.