वैभव सूर्यवंशी को चोट का झटका: शतक जड़ने के बाद लंगड़ाते नजर आए, अगला मैच खेल पाएंगे?

Amanat Ansari 26 Apr 2026 05:17: PM 1 Mins
वैभव सूर्यवंशी को चोट का झटका: शतक जड़ने के बाद लंगड़ाते नजर आए, अगला मैच खेल पाएंगे?

जयपुर: राजस्थान रॉयल्स के 15 वर्षीय सनसनीखेज बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ धमाकेदार शतक लगाया, लेकिन मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए चोटिल हो गए. उनकी यह पारी मात्र 37 गेंदों पर आई, जिसमें 5 चौके और 12 छक्के शामिल थे. दूसरी पारी की शुरुआत में फील्डिंग के दौरान वैभव अचानक लंगड़ाते हुए दिखे. उन्होंने दाहिने जांघ (हैमस्ट्रिंग) को पकड़ लिया और दर्द से कराहते नजर आए. टीम के फिजियो तुरंत मैदान पर पहुंचे और उन्हें सहारा देकर बाहर ले गए. इस घटना से राजस्थान रॉयल्स के फैंस में चिंता फैल गई.

बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ का अपडेट

राष्ट्रिय टीम के पूर्व बल्लेबाज और राजस्थान रॉयल्स के बैटिंग कोच विक्रम राठौड़ ने मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्हें हैमस्ट्रिंग में कुछ असुविधा महसूस हुई थी, लेकिन अब वे ठीक दिख रहे हैं. उन्हें ट्रीटमेंट दिया गया है और वे ठीक हैं. एक-दो दिन में और स्पष्ट पता चलेगा, लेकिन फिलहाल कुछ गंभीर नहीं लग रहा है. कई रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि चोट की जगह गंभीर पुल के बजाय तेज गर्मी और लंबी पारी के कारण गंभीर क्रैम्प्स (मांसपेशियों में ऐंठन) की संभावना ज्यादा है.

अगला मैच खेलेंगे या नहीं संशय!

अभी तक फ्रेंचाइजी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वैभव 28 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुल्लांपुर में होने वाले मुकाबले के लिए उपलब्ध रहेंगे या नहीं. टीम अगले 24-48 घंटे में उनकी स्थिति पर नजर रखेगी. इस शतक के साथ वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखा है. उन्होंने 8 मैचों की 8 पारियों में 357 रन बना लिए हैं. उनका औसत 44.63 और स्ट्राइक रेट 234.87 का है. इस सीजन में उनका यह दूसरा शतक है.

vaibhav suryavanshi seen limping after scoring century