कौन हैं कमलेश राय? जिनकी पिस्टल से वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली. महाराष्ट्र की राजनीति में है दखल, शिंदे गुट से कनेक्शन

Rahul Jadaun 16 Aug 2026 08:13 PM 1 Mins
कौन हैं कमलेश राय? जिनकी पिस्टल से वाराणसी एयरपोर्ट पर चली गोली. महाराष्ट्र की राजनीति में है दखल, शिंदे गुट से कनेक्शन

वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (बाबतपुर) पर रविवार (16 अगस्त 2026) सुबह सुरक्षा जांच के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। मुंबई की उड़ान पकड़ने पहुंचे यात्री की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। इस आकस्मिक फायरिंग में एयरपोर्ट की सुरक्षा जांच में तैनात दो कार्गो व स्क्रीनिंग कर्मचारी घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी यात्री को हिरासत में ले लिया है और मामले की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है।

हथियार जांच के दौरान हुआ हादसा जानकारी के मुताबिक, यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ गांव निवासी 55 वर्षीय कमलेश केदारनाथ राय अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट (IX-1810) से मुंबई जाने के लिए बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे थे। कमलेश राय के पास 7.62 एमएम की लाइसेंसी पिस्टल और 21 जिंदा कारतूस थे, जिसकी घोषणा उन्होंने चेक-इन के दौरान अनिवार्य सुरक्षा नियमों के तहत की थी।

नियमों के मुताबिक, असलहे को विमान में ले जाने से पूर्व सुरक्षा जांच काउंटर पर खाली और सील किया जा रहा था। इसी दौरान पिस्टल की जांच और मैगजीन अलग करने की प्रक्रिया के बीच अचानक ट्रिगर दब गया और एक राउंड फायर हो गया। गोली फर्श से टकराकर छिटकी, जिसकी चपेट में आकर सुरक्षा जांच कर्मी सुमन कुमारी और रोहित राज घायल हो गए। सुमन के पैर में गोली लगी, जबकि रोहित के हाथ में चोट आई। दोनों घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

कौन हैं कमलेश राय और क्या हुई कार्रवाई? कमलेश राय मुंबई में होटल व्यवसायी हैं और राजनीतिक रूप से भी सक्रिय रहे हैं। वह मुंबई महानगरपालिका (BMC) के पूर्व नगरसेवक रह चुके हैं और वर्तमान में शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) से उपनेता के रूप में जुड़े हैं। उनकी पत्नी सुषमा राय भी पूर्व पार्षद रही हैं।

डीसीपी (गोमती जोन) और एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की कि घटना के बाद उड़ान संचालन पूरी तरह सामान्य रहा। पुलिस ने कमलेश राय के खिलाफ लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन की धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। साथ ही उनके शस्त्र लाइसेंस को निरस्त करने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

#VaranasiAirport #KamleshRai #UPNews #BreakingNews #VaranasiNews #AirIndiaExpress

Recent News