अयोध्या में पुराने विवाद का खौफनाक अंत: नशे की हालत में युवक का काटा बायां हाथ, तीन आरोपी गिरफ्तार

Rahul Jadaun 16 Aug 2026 07:54 PM 2 Mins
अयोध्या में पुराने विवाद का खौफनाक अंत: नशे की हालत में युवक का काटा बायां हाथ, तीन आरोपी गिरफ्तार

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में रंजिश और बदले की भावना के चलते एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। कोतवाली गोसाईंगंज क्षेत्र के लंगड़ातर गांव में मामूली कहासुनी और थप्पड़ का बदला लेने के लिए आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से एक युवक का बायां हाथ हंसिए से काटकर अलग कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को बेहतर इलाज के लिए लखनऊ स्थित ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, मामले की तत्परता से जांच करते हुए पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य फरार अभियुक्त की तलाश जारी है।

क्या है पूरा घटनाक्रम? पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले लंगड़ातर गांव निवासी दीनानाथ के बेटे आदित्य का गांव के ही गौतम नामक युवक से विवाद हो गया था। इस दौरान दीनानाथ ने बीच-बचाव करते हुए गौतम को एक थप्पड़ मार दिया था। गौतम ने उसी वक्त बदला लेने और हाथ काटने की धमकी दी थी। हालांकि, समय बीतने के साथ दीनानाथ ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया।

गुरुवार देर शाम आरोपी गौतम ने अपने साथी पिंटू, प्रकाश और कलंदर के साथ मिलकर एक साजिश रची। उन्होंने पहले दीनानाथ को साथ बैठाकर नशीला पदार्थ व शराब पिलाई। जब दीनानाथ पूरी तरह अचेत अवस्था में पहुंच गया, तो आरोपी उसे पास के एक छप्पर में ले गए और धारदार हंसिए से उसका बायां हाथ काटकर धड़ से अलग कर दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कटा हुआ हाथ और हथियार मौके से छिपाकर फरार हो गए।

लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर, तीन आरोपी सलाखों के पीछे गंभीर रूप से लहूलुहान दीनानाथ किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिजन तत्काल उसे स्थानीय गोसाईंगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे दर्शननगर स्थित मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

घटना की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने पीड़ित के पिता की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज किया। एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकाश, गौतम और पिंटू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल दो हंसिया, एक मोटरसाइकिल और पीड़ित का कटा हुआ हाथ भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि चौथे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

#AyodhyaNews #UPCrime #AyodhyaPolice #UttarPradesh #BreakingNews #CrimeNewsHindi

Recent News