मुंबई: मनोरंजन जगत में एक दुखद खबर सामने आई है. ‘Ghost’ और तेलुगु फिल्म ‘Thaggede Le’ में नजर आ चुकीं एक्ट्रेस अनन्या राज का महज 27 साल की उम्र में निधन हो गया है. एक्ट्रेस ने 15 जुलाई की सुबह नींद में शांतिपूर्वक अंतिम सांस ली थी. परिवार ने उनके निधन की जानकारी करीब एक महीने बाद सोशल मीडिया के जरिए दी है.
अनन्या राज ने हिंदी सिनेमा से अपने करियर की शुरुआत की थी. वे 2016 में रिलीज हुई फिल्म ‘7 Hours to Go’ में नजर आई थीं. इसके बाद उन्होंने हॉरर फिल्म ‘The Final Exit’ और 2019 में विक्रम भट्ट की फिल्म ‘Ghost’ में अहम भूमिका निभाई.
बाद में एक्ट्रेस ने साउथ सिनेमा का रुख किया. 2022 में आई तेलुगु फिल्म ‘Thaggede Le’ में उन्होंने लिजी का किरदार निभाया. इस फिल्म के लिए उन्होंने तेलुगु भाषा सीखी और खुद डबिंग भी की. फिल्मों के अलावा अनन्या कई म्यूजिक वीडियोज में भी नजर आईं. उन्होंने टी-सीरीज, जी म्यूजिक और टाइम्स म्यूजिक जैसे लेबल्स के साथ काम किया.
‘Madrasi Gang’ प्रोजेक्ट में भी उन्होंने सविता का किरदार निभाया था. परिवार के मुताबिक, एक्ट्रेस ने नींद में अंतिम सांस ली. मौत की वजह को लेकर अभी कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. इतनी कम उम्र में उनके अचानक चले जाने से परिवार, दोस्त और फैंस सदमे में हैं. सोशल मीडिया पर लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं.