कोलकाता: पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में भाजपा नेता बिस्वजीत तालुकदार को एक व्यापारी के बेटे के अपहरण और जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया है. तालुकदार भाजपा की तूफानगंज-4 मंडल इकाई के उपाध्यक्ष हैं. अलीपुरद्वार के एक व्यापारी ने बक्सीरहाट पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी.
व्यापारी का आरोप है कि तालुकदार ने जबरन पैसे की मांग की थी. मांग पूरी न होने पर उन्होंने उनके बेटे का अपहरण कर लिया. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, तालुकदार पर पश्चिम बंगाल और असम को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे से गुजरने वाले मालवाहक वाहनों और पत्थर लदे डंपरों से नियमित रूप से पैसे वसूलने का भी आरोप है.
भाजपा नेता कमल दास ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि हमें ऐसा नेता नहीं चाहिए जो पार्टी के नाम पर जबरन वसूली करे. उसे उचित सजा मिलनी चाहिए. पूरे मामले की पश्चिम बंगाल पुलिस गहराई के साथ हर एंगल से जांच कर रही है.