Vijay Mallya interview: विजय माल्या का दावा- ‘मुझे चोर ना कहें, भगोड़ा नहीं हूं, अरुण जेटली को बता कर गया था जेनेवा, पासपोर्ट रद्द हुआ तो नहीं लौटा’

Rahul Jadaun 06 Jun 2025 08:54: PM 2 Mins
Vijay Mallya interview: विजय माल्या का दावा- ‘मुझे चोर ना कहें, भगोड़ा नहीं हूं, अरुण जेटली को बता कर गया था जेनेवा, पासपोर्ट रद्द हुआ तो नहीं लौटा’

Vijay Mallya interview: भगोड़े डिफॉल्टर कारेबारी विजय माल्या का कहना है कि मुझे चोर या भगोड़ा ना कहा जाए, मैं कोई भगोड़ा नहीं हूं, बल्कि मैं तो अरुण जेटली को बता कर जेनेवा गया था, लेकिन इस दौरान मेरा पासपोर्ट रद्द कर दिया गया, जिसकी वजह से मैं वापस लौट ही नहीं सका. ये बातें विजय माल्या ने राज शमानी के साथ किए एक पॉडकास्ट के दौरान कही हैं, इसके अलावा विजय माल्या ने एक इंटरव्यू में खुद को निर्दोष बताते हुए भारत लौटने की इच्छा जताई है। उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने भारतीय बैंकों का एक भी रुपया माफ नहीं करवाया और वे लगातार पैसा लौटाने की कोशिश कर रहे हैं। माल्या पर करीब 9,000 करोड़ रुपये की बैंक धोखाधड़ी का आरोप है, फिलहाल ब्रिटेन में रह रहे हैं। भारत सरकार उन्हें प्रत्यर्पित करने की कोशिश में लगी हुई है, लेकिन कानूनी अड़चनें अब तक उनकी वापसी में बाधा बनी हुई हैं।

मेरे ऊपर लगा चोर का टैग गलत” – माल्या

विजय माल्या का कहना है कि उन्हें राजनीतिक कारणों से निशाना बनाया गया। उन्होंने कहा कि वे कभी भी पैसे लेकर भागे नहीं और उनके पास सबूत हैं कि उन्होंने कर्ज लौटाने की कोशिश की थी।

उन्होंने कहा, “मैंने ऐसा तो कभी भी नहीं कहा है कि मैं लोन नहीं चुकाना चाहता या नहीं चुकाऊंगा, उल्टा मेरी तो कंपनियों ने भी बैंकों को कई बार प्रस्ताव भी दिए थे कि वे जो संपत्तियां चाहें, ले सकते हैं। फिर भी मुझे ‘विलफुल डिफॉल्टर’ बना दिया गया।”

माल्या ने यह भी कहा कि उन्हें बदनाम करने का एक “राजनीतिक एजेंडा” है। उन्होंने कहा कि मीडिया और राजनीतिक पार्टियों ने उन्हें 'चोर' का टैग दे दिया, जबकि सच्चाई इससे अलग है।

भारत लौटना चाहता हूं, लेकिन...

माल्या ने कहा कि वह भारत लौटना चाहते हैं, लेकिन उन्हें यह डर है कि भारत में उन्हें निष्पक्ष सुनवाई नहीं मिलेगी। उनका दावा है कि उन्हें केवल एक उदाहरण बनाने के लिए टारगेट किया गया है।

उन्होंने ब्रिटिश अदालतों में चल रही कानूनी लड़ाइयों का भी हवाला दिया और कहा कि वे न्यायपालिका का सम्मान करते हैं, लेकिन भारत सरकार को भी समझना होगा कि सभी नागरिकों को न्याय मिलना चाहिए।

किंगफिशर एयरलाइंस की नाकामी और बैंकों का बकाया

माल्या की किंगफिशर एयरलाइंस 2012 में बंद हो गई थी। उस पर करीब 17 बैंकों का लगभग 9,000 करोड़ रुपये बकाया है। यह कर्ज एयरलाइंस के संचालन के दौरान लिया गया था।

सीबीआई और ईडी ने उनके खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग और धोखाधड़ी के मामलों में चार्जशीट दाखिल की है। उनके खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया हुआ है।

माल्या का अगला कदम?

विजय माल्या का कहना है कि वे अब भी न्याय की उम्मीद करते हैं और चाहते हैं कि भारत सरकार उनकी बात सुने। उन्होंने फिर दोहराया कि वे पैसा लौटाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें एक ‘वित्तीय अपराधी’ की तरह पेश किया जा रहा है, जो गलत है।

Vijay Mallya interview Vijay Mallya return to India Kingfisher Airlines fraud Indian bank loan scam Fugitive economic offender

Recent News