गजियाबाद में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भू-माफिया ताज मोहम्मद के कब्जे से मकान कराया खाली

Global Bharat 10 Jun 2026 03:04: PM 1 Mins
गजियाबाद में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, भू-माफिया ताज मोहम्मद के कब्जे से मकान कराया खाली

गजियाबाद : विजयनगर क्षेत्र में जिला प्रशासन ने एक बार फिर भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए चर्चित भू-माफिया ताज मोहम्मद के कब्जे से एक मकान को मुक्त कराया. यह कार्रवाई जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और नगर प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा की गई.

जानकारी के अनुसार पीड़ित परिवार पिछले पांच वर्षों से अपने ही मकान को वापस पाने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहा था. आरोप है कि भू-माफिया ताज मोहम्मद ने दबंगई और फर्जी दस्तावेजों के सहारे मकान पर कब्जा कर लिया था, जिसके बाद पीड़ित लगातार तहसील, थाना और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहा था. बावजूद इसके मामले का समाधान नहीं हो पा रहा था.

हाल ही में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पीड़ित ने अपनी शिकायत सीधे जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के समक्ष रखी. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने स्वयं मामले की जांच कराई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए. जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद प्रशासन ने कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू की.

निर्धारित कार्रवाई के तहत पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और मकान को अवैध कब्जे से मुक्त कराया. इसके बाद मकान का वैधानिक कब्जा पीड़ित परिवार को सौंप दिया गया. वर्षों बाद अपना घर वापस मिलने पर पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया.

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा. किसी भी गरीब, कमजोर या आम नागरिक की संपत्ति पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. प्रशासन की इस कार्रवाई को भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ा संदेश माना जा रहा है.

Taj Mohammad land mafia Vijaynagar illegal property encroachment DM Ravindra Kumar Mandar action District administration anti-encroachment drive House possession returned to victim

Description of the author

Recent News