नई दिल्ली: लू और गर्मी से परेशान उत्तर भारत को अब मौसम विभाग ने राहत की खबर दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 जून 2026 को पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. आज यानी 7 जून को पश्चिमी UP, दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान चलने की संभावना है.
इसके अलावा 11 से 13 जून के बीच इन इलाकों में फिर से अच्छी बारिश होने की उम्मीद है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 10-13 जून को बारिश का अलर्ट है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी 7 से 13 जून तक बारिश और आंधी-तूफान का येलो अलर्ट जारी किया गया है. बिहार में 7 से 13 जून के दौरान बारिश की संभावना है.
मॉनसून ने तेजी पकड़ ली है. अब यह बंगाल की खाड़ी, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा तक पहुंच चुका है. महाराष्ट्र-गोवा में पहले ही एंट्री हो चुकी है. अगले सात दिनों में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है.