नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद्म भूषण दिए जाने की मांग की है. शुक्रवार को पानीहाटी इलाके में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ज्ञानेश कुमार की जमकर तारीफ की. समिक भट्टाचार्य ने कहा, ''उन्हें कम से कम पद्म भूषण मिलना चाहिए. पश्चिम बंगाल की जनता इस बात से खुश है कि लंबे समय बाद चुनाव के दौरान डराने-धमकाने की घटनाएं नहीं हुईं. लोगों को बिना किसी डर के वोट डालने का मौका मिला और हत्या जैसी घटनाएं भी नहीं हुईं.''
उन्होंने आगे कहा कि पश्चिम बंगाल जैसे सीमावर्ती राज्य में ज्ञानेश कुमार ने वोटर लिस्ट से बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम हटाने की पहल की. बीजेपी नेता के मुताबिक, राज्य की आम जनता लंबे समय बाद ऐसा चुनाव देख पाई है और ज्ञानेश कुमार के काम का पूरी तरह समर्थन करती है. इसलिए उन्हें पद्म पुरस्कार मिलना ही चाहिए.
समिक भट्टाचार्य ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी भी राहुल गांधी की बातों पर ध्यान नहीं देती और उन्हें गंभीरता से नहीं लेती. यह बयान ऐसे समय आया है जब विपक्ष, खासकर कांग्रेस, ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. राहुल गांधी ने उन्हें देशद्रोही करार दिया था और कहा था कि उन्हें तत्काल इस्तीफा देकर सरकारी गवाह बन जाना चाहिए. उन्होंने चुनाव प्रणाली के साथ खिलवाड़ को राष्ट्र विरोधी कृत्य बताया था.