पश्चिम बंगाल सरकार ने हड़ताली जूनियर डॉक्टरों को दिया अंतिम न्योता

Global Bharat 16 Sep 2024 03:27: PM 1 Mins
पश्चिम बंगाल सरकार ने हड़ताली जूनियर डॉक्टरों को दिया अंतिम न्योता

पश्चिम बंगाल सरकार ने सोमवार को हड़ताल कर रहे जूनियर डॉक्टरों को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के कोलकाता स्थित घर पर बैठक के लिए एक और निमंत्रण दिया. यह सरकार की तरफ से हड़ताली डॉक्टरों को दिया गया पांचवां और अंतिम न्योता है. राज्य के मुख्य सचिव मनोज पंत ने ईमेल के माध्यम से सोमवार को बताया कि जूनियर डॉक्टरों के प्रतिनिधियों को इस बैठक के लिए न्योता दिया है. आपको बता दें, मुख्य सचिव पंत ने अपने पत्र में साफ किया कि चूंकि मामला फिलहाल सुप्रीम कोर्ट में लंबित है, इसलिए इस बैठक का लाइव प्रसारण या वीडियो रिकॉर्डिंग नहीं होगी. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत के मिनट्स रिकॉर्ड किए जाएंगे और उन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे.

उन्होंने लिखा, "यह हमारी तरफ से पांचवां और अंतिम प्रयास है कि, आपके प्रतिनिधियों और माननीय मुख्यमंत्री के बीच बैठक हो. हम आपको फिर से आमंत्रित कर रहे हैं कि आप खुले मन से बातचीत करने के लिए सीएम के कालीघाट स्थित निवास पर आएं, जैसा कि हमने शनिवार को हुई चर्चा में तय किया था."

गौरतलब हो, जूनियर डॉक्टरों और ममता बनर्जी सरकार के बीच बैठक का मुख्य विवाद लाइव स्ट्रीमिंग की मांग को लेकर है. सरकार का कहना है कि वह बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग करेगी, लेकिन लाइव स्ट्रीमिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी. सोमवार की बैठक के लिए डॉक्टरों के प्रदर्शनकारी प्रतिनिधिमंडल के 4:45 बजे पहुंचने की उम्मीद है. डॉक्टरों ने इस निमंत्रण के जवाब में कहा कि वे आपस में चर्चा करेंगे और फिर तय करेंगे कि बैठक में जाएंगे या नहीं.

शनिवार को प्रदर्शन कर रहे जूनियर डॉक्टरों के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी अचानक पहुंचीं और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगें मानी जाएंगी. हालांकि, डॉक्टरों ने आरोप लगाया कि उन्हें सीएम के घर के गेट पर तीन घंटे इंतजार करने के बाद "बिना सम्मान" के वापस भेज दिया गया, जिसके चलते तय बैठक रद्द कर दी गई. ममता बनर्जी ने सामने आकर डॉक्टरों से अपील की, कि वे उनका मजाक न बनाएं जब उन्होंने डॉक्टरों को घर में प्रवेश करने से रोका. कोलकाता में जूनियर डॉक्टर 9 अगस्त को सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक महिला डॉक्टर के साथ हुए बलात्कार और हत्या के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं. महिला डॉक्टर का शव अस्पताल के सेमिनार हॉल में मिला था, जहां वह 36 घंटे की ड्यूटी के बाद आराम करने गई थीं.

Recent News