कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में BJP के युवा चेहरे कौस्तव बागची ने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के किले में सेंध लगाते हुए बराकपुर सीट से जीत हासिल की है. जीत के बाद उन्होंने एक अनोखा ऐलान किया है कि "अब मैं बाल बढ़ा सकता हूं."
35 वर्षीय कौस्तव बागची ने करीब तीन साल तक गंजे रहने का व्रत रखा था. यह व्रत उन्होंने ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध के रूप में लिया था. 2023 में कोलकाता पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद जमानत मिलते ही उन्होंने सिर मुंडवा लिया और संकल्प किया कि जब तक TMC की सरकार रहेगी, वे बाल नहीं बढ़ाएंगे.
2024 में कांग्रेस छोड़कर BJP में शामिल होने के बावजूद उन्होंने इस व्रत को जारी रखा. चुनाव प्रचार के दौरान उनका गंजा सिर उनकी पहचान बन गया. तानों, ट्रोलिंग और मीम्स का सामना करने के बावजूद उन्होंने इसे सकारात्मक रूप से लिया. जीत के बाद कौस्तव बागची ने कहा, "अब मैं बाल बढ़ा सकता हूं. मैंने व्रत लिया था कि TMC की हार और BJP की सत्ता आने तक सिर मुंडवाए रखूंगा. अब जनसेवा पर पूरा ध्यान दूंगा."
बराकपुर के लोगों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि यह जीत जनता के आशीर्वाद का नतीजा है. एक वकील के रूप में भी सक्रिय बागची बचपन से ही राजनीति में रुचि रखते हैं. यह घटना बंगाल की राजनीति में चर्चा का विषय बन गई है, क्योंकि कौस्तव बागची का यह अनोखा विरोध अब सफलता के साथ पूरा हो गया है.