विजय कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री बनीं कीर्तना, हिंदी समेत 5 भाषाएं बोलती हैं, सबसे युवा चेहरा...

Amanat Ansari 10 May 2026 06:39: PM 1 Mins
विजय कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री बनीं कीर्तना, हिंदी समेत 5 भाषाएं बोलती हैं, सबसे युवा चेहरा...

चेन्नई: तमिलनाडु में अभिनेता थलापति विजय के मुख्यमंत्री बनने के साथ गठित नए मंत्रिमंडल में सबसे चर्चित नाम है एस कीर्तना. 29 वर्षीय कीर्तना न सिर्फ विजय कैबिनेट की इकलौती महिला मंत्री हैं, बल्कि सबसे युवा मंत्री भी हैं. वे हिंदी समेत पांच भाषाओं में दक्ष हैं, जो तमिलनाडु जैसे राज्य में खासा ध्यान खींच रहा है. नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व में TVK की सरकार में कुल 9 मंत्री शामिल हुए.

इनमें एस कीर्तना जो मंत्री पद की शपथ ली. शपथ ग्रहण के बाद कीर्तना ने कहा कि नई सरकार गवर्नेंस के मामले में पूरे देश के लिए उदाहरण बनेगी. यह अविश्वसनीय है, क्योंकि पहले किसी प्रदेश को ऐसी कैबिनेट नहीं मिली. हम दुनिया को दिखाएंगे कि सरकार कैसे चलाई जाती है.

कौन हैं एस कीर्तना?

कीर्तना TVK के टिकट पर शिवकाशी सीट से विधायक चुनी गईं. शिवकाशी को ‘भारत का पटाखा शहर’ कहा जाता है. वे इस सीट से जीतने वाली पहली महिला विधायक हैं. उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार अशोकन को 11,697 वोटों से हराया. 1996 में विरुधुनगर में जन्मी कीर्तना ने तमिल माध्यम के सरकारी स्कूल से पढ़ाई की. मदुरई कामराज यूनिवर्सिटी से बीएससी (गणित) और 2019 में पुडुचेरी यूनिवर्सिटी से एमएससी (सांख्यिकी) से किया.

सक्रिय राजनीति में आने से पहले वे पॉलिटिकल कंसल्टेंट और डिजिटल कैंपेन स्ट्रेटेजिस्ट के रूप में काम कर चुकी हैं. उन्होंने I-PAC, Shotime Consultants के साथ काम किया और तेलुगु देशम पार्टी, TMC तथा DMK के लिए चुनावी कैंपेन संभाला. उन्होंने पूर्व CM एमके स्टालिन, ममता बनर्जी और चंद्रबाबू नायडू जैसे नेताओं के साथ भी काम किया है.

भाषाओं पर जबरदस्त पकड़

कीर्तना तमिल, अंग्रेजी, हिंदी, तेलुगू और एक अन्य भाषा में पारंगत हैं. खासकर हिंदी पर उनकी मजबूत कमांड को तमिलनाडु में सराहा जा रहा है. उन्होंने कहा कि अलग-अलग भाषाओं का ज्ञान उन्हें विभिन्न राज्यों में काम करने में मदद करता रहा. हिंदी सीखने का मुख्य उद्देश्य पूरे भारत तक विजय और TVK के संदेश पहुंचाना था.

कैंपेन के दौरान चुनावी मुद्दे

कैंपेन के दौरान कीर्तना ने शिवकाशी की जमीनी समस्याओं पटाखा उद्योग में सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्निशमन स्टेशन की कमी और महिलाओं के लिए समान वेतन पर जोर दिया. कीर्तना की नियुक्ति को TVK सरकार की युवा, महिला-सशक्तिकरण और समावेशी छवि का प्रतीक माना जा रहा है.

Tamil Nadu Elections 2026 S Keerthana Tamil Nadu S Keerthana Vijay

Recent News