लॉरेंस बिश्नोई की हिटलिस्ट में अब किसका नंबर है? अमावस्या की काली रात में वो जेल के अंदर स्पेशल पूजा क्यों कर रहा था, जब सारे कैदियों के लिए त्यौहार पर स्पेशल खाना बना था, कोई खुश होकर तो कोई दुखी मन से त्यौहार मना रहा था. तब लॉरेंस बिश्नोई जेल की सेल में कौन सी स्पेशल पूजा कर रहा था, जिसका किस्सा सुनकर बड़े-बड़े लोग हिल गए. जेल के अंदर से लेकर बाहर तक खलबली मच गई. हर कोई यही पूछने लगा कि क्या सलमान खान के दुश्मन ने फुलप्रूफ प्लान बना लिया है, क्योंकि लॉरेंस की मौन का किसी न किसी की मौत से कनेक्शन जरूर होता है. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की जब मौत हुई तब भी लॉरेंस ने उपवास रखा था और जब बाबा सिद्दीकी के साथ घटना हुई, उस वक्त भी लॉरेंस ने उपवास रखा था, वो उपवास तोड़ते ही घटना को अंजाम देता है.
सूत्र बताते हैं कि कार्तिक कृष्ण पक्ष की तृतीया तिथि जो इस बार 20 अक्टूबर को थी, उस दिन से लॉरेंस बिश्नोई ने उपवास रखा, 12 दिनों का उपवास 31 अक्टूबर को पूरा हुआ. अमावस्या की काली रात को एक खास पूजा के बाद लॉरेंस ने अगले दिन अपना उपवास तोड़ा. 12 दिनों तक वो दूध, दही, घी और फल खा रहा था, उसने नमक या अनाज नहीं खाया. यहां तक कि 12 दिन तक उसने किसी से कुछ कहा भी नहीं. उपवास के साथ-साथ हर बार वो मौन व्रत पर रहता है. हर साल नवरात्रि में वो व्रत रहता ही है, उसके अलावा भी कई बड़े त्यौहार पर वो व्रत रखता है. और इस दौरान धार्मिक किताबें प़ढ़ता है. दीवाली के पहले भी उसने कुछ धार्मिक किताबें पढ़ी थी.
यानि साम्राज्य जुर्म का चला रहा है, लेकिन ज्ञान धर्म का ले रहा है, पर सवाल इस बात का है कि हनुमान भक्त लॉरेंस क्या अब मां काली का भक्त बन गया है. दीवाली के दौरान कई सिद्धपुरुष और तंत्रविद्या के जानकार मां काली की पूजा करते हैं, तो क्या ऐसा कुछ लॉरेंस कर रहा है, लॉरेंस जिस बिश्नोई समाज से आता है, वो गुरु जाम्भेश्वर महाराज को मानते हैं, उन्हें भगवान विष्णु का अवतार माना जाता है. यहां तक कि लॉरेंस के दादा भी इस समाज के बड़े संत रहे हैं, लेकिन लॉरेंस की बात अलग रही है.
उसके कॉलेज के एक सीनियर एक इंटरव्यू में बताते हैं कि लॉरेंस ने कभी LLB में एडमिशन नहीं लिया, वो तो ग्रेजुएशन कर रहा था, तभी अपराध की दुनिया में चला गया. उन दिनों वो चंडीगढ़ के सेक्टर-16 में रूम लेकर अकेला रहता था. जबकि बाकी लोग 2-3 लड़कों के साथ रहते थे, ताकि पैसे बचे. लेकिन लॉरेंस अच्छे घर से था, इसलिए उसे पैसों की ज्यादा चिंता नहीं थी. उसके रूम पर हमेशा जमावड़ा लगा रहता था. एक बार मैं भी उसके रूम पर गया था, वहां दीवार पर बजरंग बली का कैलेंडर था. मैंने पूछा तो लॉरेंस ने बताया कि वो हनुमान भक्त है.
पर कहते हैं कंबल ओढ़कर घी पीने वालों की सच्चाई खुलने में ज्यादा वक्त नहीं लगता. पूरा देश जानता है लॉरेंस क्या है, वो कितना भी पूजा-पाठ करे, पर उसकी काली परछाई कभी पीछा नहीं छोड़ने वाली, आज उसकी वजह से ही उसके भाई अनमोल बिश्नोई पर भी शिकंजा कसा जा रहा है. जो भाई को अपराध की दुनिया में बढ़ता देख खुद भी गैंग बनाने लगा. बाद में अमेरिका में बैठकर लॉरेंस गैंग को मजबूत करने लगा, पर अब NIA ने सिर्फ उसके सिर पर 10 लाख का इनाम घोषित किया है, बल्कि उसे वहां से प्रत्यर्पित कर लाने की भी तैयारी चल रही है. पहले भी हिंदुस्तान में अबू सलेम से लेकर तमाम कई बड़े अपराधियों को प्रत्यर्पित कर लाया गया, लेकिन अमेरिका से अनमोल को लाना क्या इतनी आसानी से संभव है, ये सवाल अगर आपके दिमाग में उठ रहा है.
फिलहाल लॉरेंस की हिटलिस्ट में अगला कौन है, बाबा सिद्दीकी के बाद किसी नेता, सुपरस्टार या सिंगर की बारी है, ये कोई नहीं जानता, क्योंकि लॉरेंस ने अपने इंटरव्यू में जो लिस्ट बताई थी, उसमें बाबा सिद्दीकी का नाम नहीं था, पर सिद्दीकी तक लॉरेंस के गुर्गे पहुंच गए, ऐसे में पुलिस को लॉरेंस को रोकना होगा, अगर उसकी मौन व्रत की कहानियां सामने आ रही हैं, वो जेल में कुछ प्लान बना रहा है, ये बात सामने आ रही है, तो फिर जेल के भीतर ही उसके प्लान को डिकोड भी किया जाना चाहिए, ताकि कोई और निशाना न बने.