उधर रतन टाटा का निधन, इधर उत्तराधिकार की छिड़ी लड़ाई!

Abhishek Chaturvedi 10 Oct 2024 01:06: PM 3 Mins
उधर रतन टाटा का निधन, इधर उत्तराधिकार की छिड़ी लड़ाई!

86 साल की उम्र में रतन टाटा ने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली, तो पूरे देश में शोक की लहर फैल गई, हर कोई रतन टाटा का वो आखिरी पोस्ट देखने लगा जिसमें दो दिन पहले ही उन्होंने लिखा था मैं ठीक हूं, लेकिन अब रतन टाटा इस दुनिया में नहीं हैं, हर कोई नम आंखों से हिंदुस्तान के इस नायाब हीरे को अंतिम विदाई दे रहा है, लेकिन इसी बीच रतन टाटा के 2 बीएचके फ्लैट में कुछ लोग कागज भी ढूंढ रहे हैं और ये जानना चाह रहे हैं कि आखिरी वक्त में रतन टाटा ने अपनी विरासत किसके नाम की है, इसे जानने के लिए आखिरी 3 दिनों की कहानी और रतन टाटा की शादी से जुड़ा किस्सा सुनना होगा.

ये तो आप भी जानते होंगे कि बड़ी-बड़ी कंपनियों को पीछे छोड़ने और विदेशी कंपनियों से बदला लेने वाले रतन टाटा ने पूरी लाइफ शादी नहीं की, वो खुद कहते थे...मैं चार बार शादी करने के लिए गंभीर हुआ, लेकिन हर बार किसी न किसी डर से पीछे हट गया. उससे पहले जब रतन टाटा विदेश में थे लॉस एंजिल्स में एक लड़की से उन्हें प्यार हुआ, लेकिन उसी दौरान दादी की तबीयत खराब होने की वजह से रतन टाटा को इंडिया लौटना पड़ा, लेकिन उस लड़की को घरवालों ने इंडिया नहीं आने दिया, क्योंकि उस वक्त भारत और चीन के बीच लड़ाई चल रही थी, ये दौर 1962 का था, और इस तरह रतन टाटा का पहला प्यार भारत और चीन के बिगड़े संबंधों ने छीन लिया और उसके बाद चार बार मन बनाकर भी रतन टाटा शादी नहीं कर पाए.

मुंबई में अकेले 2 बीएचके फ्लैट में जिंदगी गुजारते थे,लेकिन 9 अक्टूबर को दिन में अचानक तबीयत बिगड़ी, हाई बीपी और बढ़ती उम्र में होने वाली दिक्कतों को डॉक्टर कंट्रोल नहीं कर पाए और अब एक महान शख्सियत हमारे बीच नहीं हैं और हर कोई ये पूछ रहा है कि अब उनकी विरासत का क्या होगा. करीब 34 लाख करोड़ की कंपनी के मालिक रहे रतन टाटा अपने पीछे 3400 करोड़ की संपत्ति छोड़ गए हैं, क्योंकि ज्यादातर पैसा वो दान कर देते थे. और इन 3400 करोड़ की संपत्ति का मालिक चार में से कोई एक हो सकता है.

पहला नाम है नोएल टाटा- रतन टाटा के पिता नवल टाटा की दूसरी शादी सिमोन से हुई थीं. उनके बेटे नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं. रतन टाटा की विरासत हासिल करने के लिए यह संबंध उन्‍हें एक प्रमुख दावेदार बनाता है. नोएल टाटा के तीन बच्‍चे हैं, जिनमें माया, नेविल और लीह हैं. यह रतन टाटा के उत्तराधिकारी हो सकते हैं.

दूसरा नाम है माया टाटा- माया टाटा 34 साल की हैं और टाटा समूह में लगातार प्रगति कर रही हैं. बेयस बिजनेस स्‍कूल और वारविक यूनिवर्सिटी से शिक्षा हासिल करने के बद माया टाटा ने टाटा अपॉर्चुनिटीज फंड और टाटा डिजिटल में कई महत्‍वपूर्ण पदों पर काम किया है. इस दौरान माया के रणनीतिक कौशल और दूरदर्शिता ने टाटा नियो एप को लॉन्‍च करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.

तीसरा नाम है नेविल टाटा- नेविल टाटा की उम्र 32 साल है और वे अपने पारिवारिक बिजनेस को नई ऊंचाइयां देने में व्‍यस्‍त हैं. नेविल टाटा ने टोयोटा किर्लोस्कर समूह की मानसी किर्लोस्कर से शादी की और वह ट्रेंट लिमिटेड की प्रमुख हाइपरमार्केट चेन स्टार बाजार के प्रमुख हैं.

चौथा नाम है लीह टाटा- नोएल टाटा की सबसे बड़ी बेटी लीह टाटा 39 साल की हैं. वह टाटा समूह के हॉस्पिटेलिटी सेक्‍टर में अपनी विशेषज्ञता साबित कर रही हैं. स्पेन के आईई बिजनेस स्कूल में पढ़ीं लिआ ने ताज होटल रिसॉर्ट्स और पैलेसेस में महत्वपूर्ण योगदान दिया और पिछले दस सालों से वह होटल इंडस्‍ट्री से जुड़ी है.

इनकी दावेदारी इसलिए बड़ी नजर आती है क्योंकि माया, नेविल और लीह को टाटा मेडिकल सेंटर ट्रस्‍ट का ट्रस्‍टी बनाया गया है. पहली बार टाटा समूह से जुड़ी किसी परोपकारी संस्‍था से इन युवाओं को जोड़ा गया है. अब देखने वाली बात ये होगी कि विरासत कौन संभालता है, और जो भी उत्तराधिकारी बनेगा क्या वो रतन टाटा के बताए रास्ते पर पूरी तरह से चल पाएगा, क्योंकि रतन टाटा के उत्तराधिकारी से पूरे देश को यही उम्मीद रहेगी. 

Recent News