मुंबई: बॉलीवुड के सुपर स्टार शाहरुख खान को लेकर फैंस के लिए बुरी खबर सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि बॉलीवुड के बादशाह कहे जाने वाले शाहरुख अब मन्नत से फैंस को दर्शन नहीं देने वाले हैं, क्योंकि वह कुछ दिनों के लिए किराए के आवास में हरने वाले हैं. शाहरुख यहां पूरे परिवार के साथ शिफ्ट होने वाले हैं. ऐसे में जो फैंस मन्नत के बाहर शाहरुख का इंतजार करते थे उन्हें निराशा हाथ लग सकती है. मीडिया रिपोर्ट्स से जानकारी मिली है कि शाहरुख जिस घर में शिफ्ट होने वाले हैं, उसका किराया भी करोड़ों में है. इधर शाहरुख के मन्नत से बाहर निकले की खबर सुनकर फैंस उत्सुक हो गए हैं कि आखिर माजरा क्या है.
प्रॉपर्टी पोर्टल Zapkey.com से जानकारी मिली है कि शाहरुख खान मन्नत को छोड़कर मुंबई के पाली हिल्स स्थित खार वेस्ट में रहने वाले हैं. यहां उन्होंने दो हाई-एंड डुप्लेक्स अपार्टमेंट तीन साल की लीज पर लिया है. इसके लिए शाहरुख को सालाना 2.9 करोड़ रुपे चुकाने होंगे. यानी लीज के दौरान शाहरुख खान कुल 8.67 करोड़ रुपए किराएदार को पे करेंगे. दोनों अपार्टमेंट का मासिक किराया 24.15 लाख रुपए है. जानकारी मिली है कि बादशाह खान की ओर से 2.22 लाख रुपए की स्टांप ड्यूटी और 2000 रुपए रजिस्ट्रेशन फीस पे कर दिए गए हैं.
प्रॉपर्टी पोर्टल Zapkey.com रिपोर्ट से मिली जानकारी के अनुसार, अपार्टमेंट बॉलीवुड अभिनेता जैकी भगनानी की फैमिली के हैं. इसमें से एक अपार्टमेंट जैकी भगनानी की बहन दीप्तिशिखा देशमुख का बताया जा रहा है. इसके लिए शाहरुख को 11.54 लाख रुपए प्रति माह देने होंगे. इस अपार्टमेंट के लिए 32.97 लाख रुपए की सिक्योरिटी मनी जमा की गई है. दूसरा अपार्टमेंट फिल्म निर्माता वाशु भगनानी का बताया जा रहा है, इसके लिए शाहरुख खान को 12.61 लाख रुपए प्रति माह चुकाने पड़ेंगे. इस अपार्टमेंट के लिए 36 लाख रुपए सिक्योरिटी मनी जमा कर दी गई है.
रिपोर्ट में बताया गया है कि एक अपार्टमेंट पहली और दूसरी मंजिल पर है. दूसरा सातवीं और आठवीं पर है. मीडिया रिपोर्टस से जानकारी मिली है कि शाहरुख खान मन्नत का डेवलपमेंट करने वाले हैं. इसे लेकर गौरी खान ने महाराष्ट्र कोस्टल जोन मैनेजमेंट अथॉरिटी (MCZMA) से परमिशन भी मांगी थी. उन्होंने अपने प्रस्ताव में छह मंजिला इमारत में दो और मंजिलें बढ़ाने की बात कही थी. जिसके बाद मन्नत का निर्मित क्षेत्र 616.02 वर्गमीटर और बढ़ जाएगा. मीडिया रिपोर्ट्स में कयास लगाए जा रहे हैं कि यही वह कारण है, जिसकी वजह से शाहरुख खान परिवार सहित किराए के घर में रहने जा रहे हैं. हालांकि अभी तक शाहरुख की की तरफ से इसे लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है.