योगी सरकार का पर्यटन चमत्कार: 2025 में 156 करोड़ पर्यटकों के साथ यूपी बना देश का नंबर-1 पर्यटन केंद्र!

Global Bharat 20 Feb 2026 07:59: PM 2 Mins
योगी सरकार का पर्यटन चमत्कार: 2025 में 156 करोड़ पर्यटकों के साथ यूपी बना देश का नंबर-1 पर्यटन केंद्र!

लखनऊ: विधानसभा में बजट पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2025 में लगभग 156 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश आए, जो प्रदेश की बदलती छवि और सुदृढ़ आधारभूत संरचना का प्रमाण है. उन्होंने कहा कि सरकार ने धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत स्थलों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं.

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, अयोध्या धाम, विंध्य कॉरिडोर, चित्रकूट और नैमिषारण्य जैसे प्रमुख आस्था स्थलों का व्यापक विकास किया गया है. इन स्थलों पर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है, जिससे देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है.

उन्होंने बताया कि सामाजिक समरसता और महापुरुषों के सम्मान को ध्यान में रखते हुए समाज कल्याण विभाग को बाबा साहब भीमराव अंबेडकर,  संत रविदास और महर्षि वाल्मीकि की प्रतिमाओं एवं पार्कों के विकास के लिए 500 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए गए हैं. यह कदम सामाजिक न्याय और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण है.

मुख्यमंत्री ने सदन को अवगत कराया कि यूनेस्को ने लखनऊ को “क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी” के रूप में मान्यता प्रदान की है. यह सम्मान प्रदेश की समृद्ध पाक परंपरा को वैश्विक पहचान दिलाने वाला है. उन्होंने बताया कि आगरा में मुगल म्यूजियम का नाम परिवर्तित कर छत्रपति शिवाजी महाराज के नाम पर स्मारक एवं संग्रहालय विकसित किया जा रहा है. इसके माध्यम से राष्ट्रीय नायकों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जाएगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में हस्तिनापुर, सारनाथ, श्रावस्ती और बटेश्वर को आइकॉनिक सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य चल रहा है. इन स्थलों को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित कर पर्यटन की नई संभावनाएं सृजित की जा रही हैं. उन्होंने यह भी बताया कि बागपत के पुरा महादेव में अंतरराष्ट्रीय योग एवं आरोग्य केंद्र को पीपीपी मोड पर स्थापित किया जा रहा है, जिससे वेलनेस पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने सदन को जानकारी दी कि अयोध्या में मंदिर संग्रहालय के निर्माण के लिए टाटा संस के साथ एमओयू किया गया है. यह संग्रहालय आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदेश की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगा.

उन्होंने कहा कि पर्यटन नीति के अंतर्गत प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से होमस्टे स्थापना हेतु 2 लाख रुपये तक का कोलैटरल-फ्री ऋण उपलब्ध कराने का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है. इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे.

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज आस्था, संस्कृति, विरासत और आधुनिक विकास के संतुलन के साथ पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है और यह उपलब्धि प्रदेश के नागरिकों के सहयोग और सरकार की स्पष्ट नीति का परिणाम है.

Uttar pradesh up cultural centre cultural centre of india initiatives of up government

Description of the author

Recent News