बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए महिला ने रची एसिड अटैक की झूठी कहानी, पुलिस ने खोल दी पोल

Global Bharat 30 Aug 2024 07:09: PM 2 Mins
बॉयफ्रेंड से शादी करने के लिए महिला ने रची एसिड अटैक की झूठी कहानी, पुलिस ने खोल दी पोल

कई बार पुलिस के सामने कुछ ऐसे केस सामने आ जाते हैं जिसे सुलझाते सुलझाते पुलिस का माथा चकरा जाता है. उत्तरप्रदेश के गाजियाबाद इलाके से भी एक ऐसी ही घटना सामने आयी है जिससे जानने के बाद आपका भी माथा शायद चकरा जाए. दरअसल एक महिला ने प्यार पाने के लिए जो रास्ता अपनाया वो काफी भयानक रहा. दरअसल 21 अगस्त को गाज़ियाबाद के नंदग्राम थाना क्षेत्र के राज नगर एक्सटेंशन इलाके में रहने वाली एक महिला ने एसिड अटैक की शिकायत दर्ज कराई. महिला द्वारा एसिड अटैक जैसी संगीन घटना की सूचना प्राप्त करते ही पुलिस हरकत में आ गई और मामला दर्ज कर इन्वेस्टीगेशन शुरू कर दी. हालांकि, जांच के दौरान सच्चाई जो सामने आई, उसने पुलिस को भी हैरान कर दिया.

जानकारी के अनुसार, प्रियंका शर्मा नाम की महिला की शादी 2018 में अरपित कौशिक नाम के शक्श से हुई थी. शादी के कुछ साल तक तो सब ठीक रहा लेकिन फिर चीजे बिगड़ती चली गयी और दोनों पति पत्नी अलग-अलग रहने लगे. इस दौरान पुलिस ने भी दोनों की काउंसलिंग की, लेकिन इससे कोई हल निकला नहीं. 

इसी बीच, प्रियंका की मुलाकात पुलकित नाम के लड़के से हुई जो पहले से ही शादीशुदा था, और वे एक-दूसरे के करीब आ गए. इसके बाद प्रियंका ने अपने पति अरपित और पुलकित की पत्नी से छुटकारा पाने के लिए एक ऐसी साज़िश रची, जिसके बारे में आप अब तक अंदाजा नहीं लगा पाए होंगे. इस साज़िश के तहत प्रियंका ने पुलकित और उसके साथी अंकित के साथ मिलकर अपने ऊपर एसिड अटैक करवाया. एसिड अटैक के बाद प्रियंका ने नंदग्राम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे उसके पति अरपित और पुलकित की पत्नी का हाथ है. प्रियंका चाहती थी कि पुलिस उसके पति और पुलकित की पत्नी को जेल भेज दे.

हालांकि, पुलिस की जांच में सच्चाई सामने आ गई. डीसीपी सिटी, राजेश कुमार सिंह ने बताया कि जब पुलिस प्रियंका को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल लेकर गई, तो डॉक्टरों ने पाया कि उसकी जलन की चोट केवल 6% से 8% थी. इसके अलावा, डॉक्टरों ने यह भी बताया कि एसिड की गुणवत्ता बहुत हल्की थी, जिससे नुकसान की संभावना कम थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की गहराई से जांच की और पूरा सच सामने आ गया. इस घटना ने साबित किया कि कैसे कुछ लोग अपने स्वार्थ के लिए दूसरों को फंसाने की कोशिश करते हैं. हालांकि, पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ ने इस झूठी साज़िश का पर्दाफाश कर दिया, जिससे निर्दोष लोग बच गए.

Recent News