बीजिंग: चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जनरल झाओ जोंगकी को चीन की शीर्ष राजनीतिक सलाहकार संस्था से हटा दिया है. यह कदम सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन से ठीक पहले उठाया गया है. झाओ पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के वेस्टर्न थिएटर कमांड के पहले कमांडर थे, जो भारत से लगी सीमा समेत चीन की पश्चिमी सीमाओं पर सैन्य अभियानों की देखरेख करता था.
उन्हें 2017 के डोकलाम गतिरोध और 2020 की गलवान घाटी झड़प के दौरान कमान संभालने वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है. भारत के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाने और गलवान में सैन्य अभियान को मंजूरी देने वाले प्रमुख रणनीतिकार माने जाते थे.
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें चाइनीज पीपल्स पॉलिटिकल कंसल्टेटिव कॉन्फ्रेंस (CPPCC) और दो अन्य पदों से हटा दिया गया है. यह घटनाक्रम शी जिनपिंग द्वारा सशस्त्र बलों में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा माना जा रहा है. झाओ का जन्म 1955 में हेइलोंगजियांग प्रांत में हुआ था. 16 साल की उम्र में PLA में शामिल हुए. 1979 के चीन-वियतनाम युद्ध में लड़े.
बाद में अरबी भाषा सीखी, तंजानिया में सैन्य अटैची रहे और कई वरिष्ठ पदों पर काम किया. 2015 में जनरल बने और 2016 में वेस्टर्न थिएटर कमांड के कमांडर नियुक्त हुए. निजी तौर पर फोटोग्राफी के शौकीन थे और चीनी टीवी सीरीज के सैन्य सलाहकार भी रहे. Beijing ने उनकी हटाने का कोई आधिकारिक कारण नहीं बताया है.