बरेली: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार गरीब परिवारों की बेटियों की शादी को भव्य बनाने जा रही है. मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बरेली में आज और कल (27-28 नवंबर) को 1000 जोड़ों का सामूहिक विवाह होगा. आयोजन बरेली कॉलेज के मैदान में बने आधुनिक जर्मन हैंगर पंडाल में होगा.
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि दोनों दिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह संपन्न कराए जाएंगे. पहले दिन 490 और दूसरे दिन 510 जोड़ों की शादी होगी. सुबह 8 बजे से जोड़े पहुंचने शुरू हो जाएंगे और दोपहर 2 बजे तक सभी रस्में पूरी कर ली जाएंगी.
हर दुल्हन को सरकार की ओर से कुल 1 लाख रुपए की सहायता दी जाएगी:
इसके अलावा नवदंपति को 24 जरूरी सामान जैसे साड़ियां, कपड़े, बर्तन, पंखा, गद्दा-कंबल, चांदी की पायल-बिछिया, श्रृंगार सामग्री आदि भेंट स्वरूप दिए जाएंगे. जिला समाज कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर ने बताया कि इस बार लक्ष्य 910 जोड़ों का था, लेकिन योजना की लोकप्रियता के चलते 2500 से अधिक आवेदन आए. सत्यापन के बाद 1000 जोड़ों का चयन किया गया है.
आयोजन में मंत्री, सांसद, विधायक समेत तमाम जनप्रतिनिधि शामिल होकर नवविवाहितों को आशीर्वाद देंगे. दोनों दिन दस हजार से अधिक लोग मौजूद रहेंगे. भीड़ प्रबंधन के लिए अलग-अलग प्रवेश द्वार और ब्लॉक बनाए गए हैं. शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के भुता, फरीदपुर, बहेड़ी, आंवला, मीरगंज, शेरगढ़, फतेहगंज जैसे इलाकों की बेटियां इस सामूहिक विवाह में दुल्हन बनेंगी.
प्रशासन ने सुरक्षा, ट्रैफिक और चिकित्सा के पुख्ता इंतजाम किए हैं. यह आयोजन न केवल गरीब परिवारों के लिए आर्थिक मदद है, बल्कि उनकी बेटियों को समाज में सम्मानजनक विदाई देने का बड़ा संदेश भी है.