मुरादाबाद: यूपी के मुरादाबाद में प्रेम-प्रसंग को लेकर एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. कटघर थाना क्षेत्र के सूरजनगर निवासी तुषार गोस्वामी और मोहल्ले की ही 10वीं कक्षा पढ़ने वाली एक किशोरी ने शनिवार दोपहर रामगंगा नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली. दोनों एक-दूसरे का हाथ थामे पुल की रेलिंग पर चढ़े और रामगंगा में छलांग लगा दी.
आत्महत्या से पहले तुषार ने अपने ताऊ को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजा था, ''ताऊ, मैं मरने जा रहा हूं. बाइक पुल पर खड़ी है, दूसरी चाबी लेकर आ जाना.'' शुक्रवार रात दोनों फोन पर बात कर रहे थे. किशोरी के परिजनों ने उन्हें बात करते हुए पकड़ लिया और डांटा-फटकारा. आहत होकर किशोरी ने पूरी बात तुषार को बता दी. शनिवार सुबह तुषार घर से बुलेट बाइक लेकर निकला.
किशोरी भी बिना बताए घर से निकल गई. दोनों रामगंगा पुल पर पहुंचे. पुल से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक ने उन्हें रेलिंग चढ़ते देखा तो रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों पहले ही नदी में कूद चुके थे. संदेश मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे.
पीएसी की फ्लड यूनिट और गोताखोरों ने देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों के शव नहीं मिल सके. पुलिस के अनुसार दोनों एक ही मोहल्ले और एक ही बिरादरी के थे. परिवार की आपत्ति और डांट-फटकार से आहत होकर दोनों ने यह कदम उठाया. दोनों परिवारों में शोक का माहौल है.