पटना सिविल कोर्ट में हथियार लेकर घुसे दो युवक, एक धराया और एक फरार, कोर्ट को उड़ाने की मिली थी धमकी!

Amanat Ansari 28 Jan 2026 05:04: PM 1 Mins
पटना सिविल कोर्ट में हथियार लेकर घुसे दो युवक, एक धराया और एक फरार, कोर्ट को उड़ाने की मिली थी धमकी!

नई दिल्ली: पटना के सिविल कोर्ट परिसर में बुधवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब सुरक्षा गार्डों की सतर्कता से दो हथियारबंद युवकों को एंट्री गेट पर ही रोक लिया गया. इनमें से एक युवक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया. पकड़े गए व्यक्ति की पहचान पीयूष कुमार के रूप में हुई है, जो वैशाली जिले का निवासी है. उसके पास से एक लोडेड रिवॉल्वर और आठ जिंदा कारतूस बरामद हुए.

घटना के बाद पूरे कोर्ट कैंपस में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया. टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन सहित पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और गिरफ्तार युवक को पीरबहोर थाने ले जाकर उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी गई. पुलिस मुख्य रूप से यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह हथियार लेकर कोर्ट क्यों आया था, उसका निशाना कौन था और फरार साथी का नाम और ठिकाना क्या है?

इस घटना को बिहार के कई जिलों में सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकियों से भी जोड़ा जा रहा है. इनमें भागलपुर, सीवान, बेगूसराय, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर के कोर्ट शामिल हैं, जहां ई-मेल के जरिए ऐसी धमकियां मिली थीं. धमकियों के बाद इन सभी स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई, तलाशी अभियान चलाए गए, लेकिन अब तक कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली.

पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जांच जारी है. एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने भी मामले की पुष्टि की है और कहा है कि पूरी तहकीकात चल रही है ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके.

Bihar News Bomb threat Patna Civil Court Patna SSP

Recent News