मुंबई: सोमवार रात वर्सोवा में टीवी एक्टर जीशान खान के साथ बहुत बड़ा रोड एक्सीडेंट हो गया. हादसा इतना खतरनाक था कि उनकी काली लग्जरी कार का अगला हिस्सा पूरी तरह टूटकर बिखर गया, लेकिन शुक्र मनाइए कि जीशान को गंभीर चोट नहीं आई. एयरबैग्स खुलने की वजह से उनकी जान बच गई.
रात करीब 8:30 बजे की यह घटना सामने से आ रही एक ग्रे कलर की गाड़ी से जोरदार टक्कर के बाद हुई. टक्कर के बाद कार का बॉनट, बंपर और हेडलाइट्स सब कुछ उड़ गया. मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और जीशान को बाहर निकाला.
हादसे के फौरन बाद जीशान खुद वर्सोवा पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की. अभी यह साफ नहीं है कि FIR हुई या नहीं, लेकिन कार की हालत देखकर कोई भी अंदाजा लगा सकता है कि स्पीड कितनी तेज रही होगी.
जीशान खान को आप लोग ‘कुमकुम भाग्य’ में आर्यन खन्ना के रोल से अच्छी तरह याद करेंगे. 2019 से 2021 तक उन्होंने यह किरदार निभाया था. इसके अलावा ‘नागिन 6’, ‘लॉक अप’ और ‘बिग बॉस OTT सीजन-1’ में भी नजर आ चुके हैं. फिलहाल वह टीवी से ब्रेक लेकर म्यूजिक वीडियोज कर रहे हैं.
पर्सनल लाइफ में भी जीशान हमेशा सुर्खियों में रहते हैं. उनकी ऑन-स्क्रीन मां रहीं एक्ट्रेस रेहाना पंडित (जो उनसे 10 साल बड़ी हैं) के साथ रिलेशनशिप और ब्रेकअप-पैचअप की खबरें अक्सर आती रहती हैं. फिलहाल सबसे बड़ी राहत की बात यही है कि जीशान इस भयानक हादसे में सकुशल बच गए. फैंस उनके जल्दी पूरी तरह ठीक होने की दुआ कर रहे हैं.