दिल्ली में भारी बारिश से टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, शहर के अधिकांश हिस्से जलमग्न

Global Bharat 01 Aug 2024 07:29: PM 3 Mins
दिल्ली में भारी बारिश से टूटा 14 साल का रिकॉर्ड, शहर के अधिकांश हिस्से जलमग्न

बुधवार शाम को दिल्ली एनसीआर में भारी बारिश हुई. राष्ट्रीय राजधानी में एक ही दिन में हुई रिकॉर्ड बारिश ने 14 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया. बारिश के कारण शहर के अधिकांश हिस्से जलमग्न हो गए और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ, जिससे लोग घंटों तक फंसे रहे. बारिश से जुड़ी घटनाओं में 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 5 दिल्ली में, तीन गुरुग्राम में और 2 ग्रेटर नोएडा में मौत हुई है.

भारी बारिश की वजह से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली 10 उड़ानों को डायवर्ट किया गया. इनमें से 8 उड़ानों को जयपुर और दो को लखनऊ डायवर्ट किया गया. इंडिगो के नवीनतम अपडेट के अनुसार, उड़ान संचालन प्रभावित रहा. एयरलाइन ने शोसल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि हम आपको सूचित करना चाहते हैं कि हमारे प्रस्थान और आगमन में अभी भी देरी हो रही है, जो सुबह तक जारी रह सकती है. हम समझते हैं कि रात भर इंतजार करना परेशान करने वाला और असुविधाजनक हो सकता है और हमें इस असुविधा के लिए खेद है.

इस बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बारिश से राहत न मिलने का अनुमान लगाया है और रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने बताया है कि दिल्ली में 5 अगस्त तक गरज और बिजली के साथ भारी बारिश जारी रहेगी. राष्ट्रीय राजधानी के प्राथमिक मौसम केंद्र सफदरजंग ने शाम 5.30 बजे से 8.30 बजे के बीच 79.2 मिमी बारिश दर्ज की. मयूर विहार जैसे अन्य इलाकों में 119 मिमी बारिश दर्ज की गई, पूसा में 66.5 मिमी, दिल्ली विश्वविद्यालय में 77.5 मिमी और पालम वेधशाला में 43.7 मिमी बारिश दर्ज की गई.

मीडिया रिपोर्ट्स जानकारी मिली है कि दिल्ली में एक महिला और उसका बच्चा पानी से भरे नाले में फिसलकर डूब गए. पुलिस के अनुसार, 22 वर्षीय तनुजा और उसका तीन वर्षीय बेटा साप्ताहिक बाजार से घरेलू सामान खरीदने के लिए निकले थे, तभी वे पानी से भरे नाले में गिर गए और डूब गए. यह घटना पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में हुई.

दिल्ली पुलिस ने कहा कि सड़क किनारे नाला निर्माणाधीन था और 15 फीट गहरा और छह फीट चौड़ा था. पुलिस ने कहा कि मां और बेटे के शव बरामद कर लिए गए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बुधवार को दो और लोगों की मौत हो गई, जिसमें एक की मौत भारी बारिश के बीच एक घर गिरने से हुई. बिंदापुर इलाके में ट्यूशन से घर लौट रहे 12 वर्षीय बच्चे की करंट लगने से मौत हो गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है.

10 लोगों की हुई मौत

गुरुग्राम में भारी बारिश के बाद हाई टेंशन तार के संपर्क में आने से बिजली का झटका लगने से तीन लोगों की मौत हो गई. ग्रेटर नोएडा में दादरी इलाके में दीवार गिरने से दो लोगों की मौत हो गई. वहीं लगातार बारिश के कारण उत्तरी दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में एक घर ढह गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. भारी बारिश के बीच मौके पर पहुंची पांच दमकल गाड़ियों को ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा.

वसंत कुंज में एक अन्य घटना में दीवार गिरने से एक महिला घायल हो गई. साथ ही, दरियागंज में एक निजी स्कूल की दीवार भारी बारिश के बीच गिर गई, जिससे पास में खड़ी एक कार क्षतिग्रस्त हो गई. घटना के कारण कार लगभग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. मूसलाधार बारिश के कारण दिल्ली-एनसीआर के कई प्रमुख हिस्से जलमग्न हो गए.

लुटियंस दिल्ली और नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद और गाजियाबाद की ओर जाने वाले इलाकों में यातायात खासा अस्त-व्यस्त रहा. साथ ही ओल्ड राजेंद्र नगर, जहां छात्र एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भरने के कारण तीन यूपीएससी उम्मीदवारों की मौत का विरोध कर रहे थे, वहां घुटनों तक पानी भर गया. मध्य दिल्ली के कनॉट प्लेस में कई शोरूम और रेस्तरां में पानी घुस गया. भारी बारिश को दखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को कुछ सड़कों से बचने के लिए सलाह जारी की. जलभराव के कारण यातायात जाम की स्थिति बनी हुई है.

Recent News