ट्रंप का बड़ा यू-टर्न! ईरान पर हमला रद्द, शांति समझौते की घोषणा जल्द

Amanat Ansari 12 Jun 2026 12:19: AM 1 Mins
ट्रंप का बड़ा यू-टर्न! ईरान पर हमला रद्द, शांति समझौते की घोषणा जल्द

वाशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ तैयार बड़े हमलों को अचानक रद्द कर दिया है. कुछ घंटे पहले ही ‘बहुत कड़ी और शक्तिशाली’ कार्रवाई की धमकी देने वाले ट्रंप अब व्यापक क्षेत्रीय शांति समझौते की मजबूत संभावना जता रहे हैं.

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ सोशल’ पर विस्तृत पोस्ट में लिखा कि ईरान के साथ हुई चर्चाओं के अंतिम बिंदुओं को अमेरिका, इजरायल, सऊदी अरब, UAE, कतर, तुर्की, पाकिस्तान, बहरीन, कुवैत, जॉर्डन, मिस्र समेत सभी संबंधित देशों ने मान लिया है.

उन्होंने कहा, ''ईरानी नेतृत्व के उच्चतम स्तर पर बातचीत हुई और उसे मंजूरी मिल चुकी है. इसलिए मैंने आज शाम ईरान के खिलाफ सभी हमलों और बमबारी को रद्द कर दिया है.'' ट्रंप ने स्पष्ट किया कि शांति समझौता अंतिम रूप से हस्ताक्षर होने तक नौसैनिक नाकाबंदी पूरी तरह लागू रहेगी. समझौते पर हस्ताक्षर का समय और स्थान बहुत जल्द घोषित किया जाएगा.

कुछ घंटे पहले दी थी सख्त चेतावनी

इस फैसले से ठीक पहले ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा था कि तेहरान को नाममात्र के युद्धविराम को स्थायी शांति में बदलना होगा. उन्होंने खार्ग द्वीप समेत ईरान की प्रमुख तेल सुविधाओं पर कब्जे की धमकी दी थी और वेनेजुएला की तरह तेल-गैस बाजारों पर पूरा नियंत्रण स्थापित करने की बात कही थी.

तनाव चरम पर पहुंचा था

हाल के दिनों में अमेरिका-ईरान के बीच तनाव चरम पर था. अमेरिका ने ईरान पर हमले किए, जिन्हें खाड़ी में अपने अपाचे हेलीकॉप्टर के गिराए जाने का जवाब बताया. ईरान ने इसे झूठा बहाना करार दिया और जवाब में अमेरिकी ठिकानों पर मिसाइल-ड्रोन हमले किए. इसके अलावा ईरान ने होर्मुज जलमार्ग बंद करने की घोषणा भी की थी, जिसे अमेरिका ने सिरे से खारिज कर दिया था.

ट्रंप के इस यू-टर्न से खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की आशंकाओं पर फिलहाल विराम लग गया है. हालांकि, अंतिम शांति समझौते पर हस्ताक्षर होने तक स्थिति पूरी तरह सामान्य नहीं मानी जा रही है. अभी तक ईरान की ओर से इस विकास पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

Donald Trump Iran Hormuz USA Israel

Recent News