Settebello Tanker Attack : ओमान के तट और होर्मुज जलडमरूमध्य के निकट स्थित समुद्री क्षेत्र में तेल टैंकर सेटबोलो पर हुए हमले ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई चिंता पैदा कर दी है. पलाऊ के झंडे वाले इस टैंकर के इंजन रूम में हमला होने के बाद जहाज़ में भीषण आग लग गई. अंतरराष्ट्रीय समुद्री संगठन के अनुसार इस घटना में तीन नाविक लापता बताए गए हैं, जबकि कई अन्य को सुरक्षित निकाला गया.
भारत के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि जहाज़ पर सवार भारतीय चालक दल के 24 सदस्यों में से 21 को ओमानी अधिकारियों ने सुरक्षित बचा लिया, जबकि तीन भारतीय अब भी लापता हैं. भारतीय दूतावास ओमान सरकार और स्थानीय एजेंसियों के साथ मिलकर खोज एवं बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है. यह चार दिनों के भीतर भारतीय नाविकों से जुड़े दूसरे जहाज़ पर हमला माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय समुद्री कर्मियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है. भारत ने इस घटना पर कड़ी नाराज़गी जताते हुए नई दिल्ली में अमेरिकी दूतावास के वरिष्ठ अधिकारी को तलब कर अपना विरोध दर्ज कराया है.
उधर, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने घटना का वीडियो और बयान जारी करते हुए दावा किया कि अमेरिकी बलों ने टैंकर को इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह कथित रूप से ईरान की ओर जा रहा था और अमेरिकी नौसैनिक निर्देशों का पालन नहीं कर रहा था. अमेरिकी विमान ने जहाज़ के इंजन रूम पर सटीक गोला-बारूद दागा, जिससे जहाज़ की आवाजाही रुक गई. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है. भारत ने वाणिज्यिक जहाज़ों पर हो रहे हमलों पर गहरी चिंता जताते हुए समुद्री मार्गों की सुरक्षा, तनाव कम करने और अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में निर्बाध नौवहन सुनिश्चित करने की मांग की है.