Mohan Bhagwat News : ,कानपुर से नई दिल्ली जा रही शताब्दी एक्सप्रेस पर गुरुवार को पथराव की घटना सामने आई. जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत भी उसी ट्रेन में सफर कर रहे थे. घटना फिरोजाबाद आउटर क्षेत्र के पास हुई, जहां किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ट्रेन पर पत्थर फेंका गया.
पथराव के कारण शताब्दी एक्सप्रेस के E-1 कोच का शीशा टूट गया, जिससे यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को चोट नहीं आई और मोहन भागवत भी पूरी तरह सुरक्षित रहे.
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल, सरकारी रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है. ट्रेन में मौजूद यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के संबंध में अधिक जानकारी जुटाई जा सके.
पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. सुरक्षा एजेंसियां यह भी जांच कर रही हैं कि पथराव किसी शरारती तत्व की हरकत थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. फिलहाल मामले की जांच जारी है.