Haryana Assembly Elections: हरियाणा में 90 विधानसभा सीटों के लिए शनिवार को मतदान शुरू हुआ और सुबह 11 बजे तक 22.70 प्रतिशत मतदान हुआ. यह जानकारी भारत के चुनाव आयोग ने दी. इलेक्शन कमिशन द्वारा साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, सुबह 9 बजे तक पलवल में सबसे अधिक 27.94 प्रतिशत मतदान हुआ, इसके बाद जींद में 27.20 प्रतिशत, मेवात में 25.65 प्रतिशत, यमुनानगर में 25.56 प्रतिशत और अंबाला में 25.50 प्रतिशत मतदान हुआ. रोहतक में सुबह 11 बजे तक 12.71 प्रतिशत, भिवानी में 23.45 प्रतिशत, चरखी दादरी में 20.10 प्रतिशत, फरीदाबाद में 20.39 प्रतिशत, हिसार में 24.69 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
25 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया है, यमुनानगर, कैथल और भिवानी जैसे कुछ जिलों में 20 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ है. हरियाणा में मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक चलेगा. सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 1,031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं और मतदान के लिए 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. हरियाणा विधानसभा चुनाव के नतीजे जम्मू-कश्मीर के साथ ही 8 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे.
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल के अनुसार, 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनाव में 2,03,54,350 मतदाता वोट डालेंगे, जिनमें 1,07,75,957 पुरुष, 95,77,926 महिलाएं और 467 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. 90 निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 1,031 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं और चुनाव के लिए 20,632 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य भर में कुल 29,462 पुलिस कर्मी, 21,196 होमगार्ड और 10,403 विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) तैनात किए गए हैं.
इस बीच, कांग्रेस (Congress) और इनेलो (INLD) दोनों ने दावा किया है कि उनकी पार्टियां 8 अक्टूबर को विजयी होंगी. वरिष्ठ कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा (Kumari Shailaja) ने शनिवार को कहा कि अगर कांग्रेस विधानसभा चुनाव में विजयी होती है तो हरियाणा में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा. कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि मैं कड़ी मेहनत और जमीनी स्तर पर काम करने में विश्वास करती हूं. मैं पार्टी की सिपाही हूं और मुझे अपने काम पर पूरा भरोसा है... अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान द्वारा लिया जाएगा.
उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत पर भी भरोसा जताया और हरियाणा में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बदलने का श्रेय राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा को दिया. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला ने शनिवार को कहा कि इनेलो हरियाणा में सरकार बनाएगी. उन्होंने कहा कि इनेलो हरियाणा में सरकार बनाएगी और आदित्य चौटाला (डबवाली निर्वाचन क्षेत्र से इनेलो उम्मीदवार) यहां से अच्छे अंतर से जीतेंगे.