साउथ भारत के राज्य तमिलनाडु से बड़ी खबर सामने आ रही है. यहां कल्लाकुरिची जिले में शराब पीने से अबतक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है. वहीं 100 से अधिक लोग अस्पताल में भर्ती बताए जा रहे हैं. घटना की स्थानीय कलेक्टर ने पुष्टि की है. कल्लाकुरिची जिले के कलेक्टर ने बताया है कि मरने वालों की संख्या बढ़ भी सकती है, क्योंकि लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है.
जानकारी मिली है कि कलेक्टर एसएस प्रशांत ने जिले के सरकारी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की है. वहीं इस मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसका नाम कन्नुकुट्टी बताया गया है. साथ ही आरोपी के पास से 200 लीटर जहरीली शराब भी जब्त की गई है. जांच में पता चला है कि शराब में मेथनॉल मिला हुआ था, जिससे शराब जहरीली हो गई.
वहीं राज्य के मुख्यमंत्री ने घटना को लेकर दुख जताया है. मुख्यमंत्री एमके स्टालिन इसे लेकर कहा है कि इसए रोकने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. किसी को नहीं बख्शा जाएगा. सीएम स्टालिन ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट लिखा है.
पोस्ट में उन्होंने कहा है कि कल्लाकुरिची में मिलावटी शराब पीने वाले लोगों की मौत की खबर सुनकर मैं स्तब्ध और दुखी हूं. इस मामले में शामिल लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इसे रोकने में विफल रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है.
उन्होंने कहा कि अगर जनता ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के बारे में जानकारी देती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी. समाज को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधों को सख्ती से दबाया जाएगा. तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने मौतों पर शोक व्यक्त किया और पीड़ितों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
साथ ही राज्यपाल की ओर से भी पोस्ट किया गया है. पोस्ट में कहा गया है कि जानकर बहुत दुख हुआ कि जहरीली शराब पीने से कल्लाकुरिची में कई लोगों की जान चली गई. कई अन्य गंभीर हालत में हैं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी संवेदना और अस्पतालों में भर्ती लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है.