झुंझुनूं: राजस्थान के झुंझुनूं जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है. लेह-लद्दाख में तैनात भारतीय सेना के हवलदार राकेश कुमार दूत (36) समेत दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. मंगलवार-बुधवार देर रात करीब 1-1:30 बजे झुंझुनूं-चिड़ावा मार्ग पर बगड़ कस्बे के पास हादसा हुआ.
तेज रफ्तार एसयूवी सड़क पर आवारा पशु को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गई. वाहन पेड़ से टकराया और 3-4 पलटियां खाते हुए सड़क किनारे जा गिरा. टक्कर इतनी भीषण थी कि गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार लोग अंदर फंस गए.
जेसीबी से तोड़कर निकाले शव
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. गाड़ी की हालत इतनी खराब थी कि जेसीबी और क्रेन की मदद से गेट तोड़कर मृतकों और घायलों को बाहर निकाला गया. आगे की सीट पर बैठे दोनों युवकों के शव बुरी तरह फंसे हुए थे. मृतकों में कोलसिया निवासी राकेश कुमार शामिल हैं, जो 2011 से सेना में हैं और वर्तमान में लेह-लद्दाख में एजुकेशन हवलदार के पद पर तैनात थे.
वे 23 जुलाई को छुट्टी लेकर घर आए थे और 14 अगस्त तक परिवार के साथ रहने वाले थे. उनके परिवार में पत्नी और 5 वर्षीय बेटा नितेश हैं. दूसरे मृतक नितिन (22) झुंझुनूं की पुरानी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के निवासी थे. उनकी मां राजस्थान पुलिस की महिला कांस्टेबल हैं. हादसे में अजय कुमार (25) और साक्षक सिहाग गंभीर रूप से घायल हुए.
दोनों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है. मृतकों के परिजनों ने वाहन निर्माता कंपनी पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि कार में छह एयरबैग होने के बावजूद एक भी एयरबैग नहीं खुला. अगर सुरक्षा प्रणाली सही समय पर काम करती तो शायद दोनों की जान बच सकती थी. हवलदार राकेश की मौत ने एक बार फिर पूरे जिले को गहरे शोक में डुबो दिया है.