जैसलमेर: गुरुवार रात की काली अंधेरी सड़क पर एक भयानक हादसा हो गया. भारतीय सेना के 30 वर्षीय मेजर हमजा आरिफ की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लेफ्टिनेंट अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना जैसलमेर मिलिट्री स्टेशन के पास, वॉर म्यूजियम के नजदीक हुई. तीनों अधिकारी प्राइवेट ब्लैक टाटा सफारी (नंबर GJ39CC1403) में शहर से मिलिट्री स्टेशन लौट रहे थे.
अचानक सड़क पर एक ऊंट कूद पड़ा. मेजर हमजा आरिफ खुद गाड़ी चला रहे थे. ऊंट से टकराने के बाद SUV बेकाबू होकर करीब पांच बार पलट गई और लगभग 100 मीटर फिसलकर सेना की बाउंड्री वॉल के पास जा रुकी. ऊंट भी मौके पर मर गया.
सेना के जवानों को सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुंचे और कुचले हुए वाहन से तीनों अधिकारियों को निकाला. उन्हें मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मेजर हमज़ा आरिफ़ ने दम तोड़ दिया. घायल लेफ्टिनेंट अभिनाव राठौर और लेफ्टिनेंट आयुष्मान गुसाईं का इलाज जारी है. मेजर हमज़ा आरिफ़ इंदौर (मध्य प्रदेश) के रहने वाले थे.
उनकी शादी महज एक महीने पहले ही हुई थी. परिवार और मिलिट्री स्टेशन पर गहरा शोक छाया हुआ है. पुलिस और सैन्य पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है. यह वही स्थान है जहां करीब एक साल पहले बस में आग लगने से 29 लोगों की मौत हुई थी. सड़क दुर्घटनाओं की यह एक और दिल दहला देने वाली मिसाल बन गई है.