अररिया: सावन के पावन महीने में बोलबम यात्रा के दौरान नेपाल में भारी हिंसा भड़क गई. भारत-नेपाल सीमा के पास सुनसरी जिले के कप्तानगंज में दो समुदायों के बीच झड़प हो गई, जिसमें पुलिस फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई और कई लोग घायल हैं.
शिव भक्त पिंडेश्वर और बैद्यनाथ धाम की यात्रा की तैयारी कर रहे थे. डीजे बजाने और धार्मिक झंडे को लेकर दो पक्षों में विवाद शुरू हुआ, जो जल्दी ही हिंसक झड़प में बदल गया. पुलिस ने स्थिति काबू में करने के लिए आंसू गैस, हवाई फायरिंग के बाद गोलियां चलाईं. गोली लगने से घायल ओम प्रकाश मेहता की विराटनगर के अस्पताल में मौत हो गई.
9 नागरिक घायल, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है और 8 पुलिसकर्मी भी झड़प में जख्मी हो गए. भीड़ ने बाजार में दुकानों, मेडिकल स्टोर और वाहनों को आग के हवाले कर दिया. स्थिति को देखते हुए पूरे इलाके में कर्फ्यू लगा दिया गया है. भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. नेपाल पुलिस का कहना है कि अनियंत्रित भीड़ को काबू करने के लिए मजबूरन गोली चलानी पड़ी.
राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के सांसद लाल बिक्रम थापा ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है. यह पूरा क्षेत्र बिहार से सटा हुआ है, जहां से हर साल हजारों श्रद्धालु बैद्यनाथ धाम की यात्रा करते हैं. घटना से दोनों देशों के सीमावर्ती इलाकों में तनाव फैल गया है. प्रशासन ने स्थिति नियंत्रण में बताई है, लेकिन कर्फ्यू जारी है.