ग्रेटर नोएडा: गौतमबुद्ध नगर की जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सरकारी जमीन हड़पने के गंभीर आरोप में सदर तहसील की महिला लेखपाल नीरज लता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. नीरज लता पर आरोप है कि उन्होंने अपने पद का दुरुपयोग कर बाजरपुर गांव में स्थित करीब 450 वर्ग मीटर बंजर सरकारी जमीन को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर अपने पति के नाम राजस्व अभिलेखों में दर्ज करा दिया.
इस जमीन की मौजूदा बाजार कीमत 3 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है. डीएम मेधा रूपम के संज्ञान में मामले के आने पर गोपनीय जांच कराई गई. प्रारंभिक जांच में अनियमितताओं के संकेत मिलने के बाद तत्काल निलंबन का आदेश जारी किया गया. विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं.
जिला प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी जमीन और राजस्व अभिलेखों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. जांच में दोषी पाए जाने पर आगे कड़ी कार्रवाई की जाएगी. यह कार्रवाई नोएडा प्रशासन द्वारा सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा और भ्रष्टाचार पर लगाम कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.